NNS Logo
LIVE
उत्तर प्रदेश

कानपुर में आवारा सांड का कहर, नगर निगम की लापरवाही से बुजुर्ग की दर्दनाक मौत

8 February 2026
कानपुर में आवारा सांड का कहर, नगर निगम की लापरवाही से बुजुर्ग की दर्दनाक मौत

कानपुर के किदवई नगर क्षेत्र में आवारा सांड के हमले में 82 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। सब्जी लेने के लिए घर से निकले बुजुर्ग पर अचानक सांड ने हमला कर दिया और उन्हें दौड़ाकर सड़क पर पटक दिया। गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। इस घटना से इलाके में दहशत और आक्रोश दोनों फैल गया है।

जूही के बारादेवी नटवन टोला निवासी प्रकाश नारायण (82) परचून की दुकान चलाते थे। परिवार में पत्नी उमा और दो बेटे आशुतोष व अरविंद हैं। परिजनों के अनुसार, शनिवार को प्रकाश नारायण सब्जी लेने के लिए निकले थे। घर के पास स्थित कूड़ाघर के नजदीक पीछे से आए सांड ने अचानक उन पर हमला कर दिया। सांड ने उन्हें सींग पर उठाकर सड़क पर पटक दिया और फिर घसीटता रहा।

चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने किसी तरह पानी और पत्थर फेंककर सांड को भगाया। इसके बाद परिजन उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन सिर और शरीर पर गंभीर चोटों के चलते इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

घटना के बाद इलाके में लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। स्थानीय निवासियों का कहना है कि जूही बारादेवी क्षेत्र में लंबे समय से आवारा मवेशियों का जमावड़ा है। कई अवैध चट्टे संचालित हो रहे हैं, जहां दूध निकालने के बाद मवेशियों को सड़कों पर छोड़ दिया जाता है। सड़कों पर खुलेआम घूमते सांड राहगीरों और वाहन चालकों के लिए लगातार खतरा बने हुए हैं।

लोगों का आरोप है कि इस समस्या को लेकर कई बार नगर निगम और जनप्रतिनिधियों से शिकायत की गई। दो बार महापौर द्वारा अभियान भी चलाया गया, लेकिन यह सिर्फ कागजी साबित हुआ। हालात जस के तस बने हुए हैं। नागरिकों का कहना है कि नगर निगम अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की लापरवाही के कारण आज एक बुजुर्ग को अपनी जान गंवानी पड़ी।

वहीं, किदवईनगर थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार राम ने घटना की जानकारी से इनकार किया है, जिससे प्रशासनिक संवेदनशीलता पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। लोगों ने दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई और आवारा मवेशियों पर तत्काल प्रभावी नियंत्रण की मांग की है।