बिजनौर में हाईवे के किनारे खाना खा रहे लोगों को अज्ञात वाहन ने कुचला, तीन की मौके पर मौत

✍️NNS Desk
बिजनौर में हाईवे के किनारे खाना खा रहे लोगों को अज्ञात वाहन ने कुचला, तीन की मौके पर मौत

UP के बिजनौर में रफ्तार का ऐसा कहर देखने को मिला, जिसने पलभर में तीन जिंदगियां छीन लीं. नजीबाबाद-कोतवाली हाईवे पर सड़क किनारे खाना खा रहे लोगों को तेज रफ्तार वाहन ने रौंद दिया. हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि साथ मौजूद दो बच्चे बाल-बाल बच गए

हादसा नजीबाबाद-कोतवाली मार्ग पर बशीरपुर नहर पटरी मार्ग के मोड़ के पास देर रात लगभग 12:30 बजे हुआ. उत्तराखंड के रुद्रपुर (जगतपुरा रविदास मंदिर) निवासी अमनदीप सिंह, अर्शदीप सिंह, जग्गू और दो किशोर—13 वर्षीय प्रिंस व 12 वर्षीय सनी—अपनी पिकअप गाड़ी से पंजाब जा रहे थे. गाड़ी में उनके दो घोड़े भी सवार थे.

हाईवे किनारे बैठकर खा रहे थे खाना: देर रात भूख लगने पर उन्होंने हाईवे के किनारे गाड़ी रोकी और नीचे बैठकर खाना खाने लगे. इसी दौरान हरिद्वार की तरफ से आ रहे एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने जमीन पर बैठकर खाना खा रहे तीनों लोगों को कुचल दिया. अमनदीप ,अर्शदीप और जग्गू की घटना स्थल पर मौत हो गई। जबकि उनके पास खेल रहे 13 वर्षीय प्रिंस और 12 वर्षीय सनी हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बचे.

वाहन चालक मौके से फरार: घटना की सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. केजी सिंह,सीओ सुनील कुमार सिंह घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने तीनों शव अपने कब्जे में ले लिए. दुर्घटना को अंजाम देने के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया, लेकिन टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उस अज्ञात वाहन का बंपर नंबर प्लेट समेत मौके पर ही गिर गया। पुलिस ने नंबर प्लेट और बंपर को कब्जे में लेकर आरोपी चालक और वाहन की तलाश तेज कर दी है.

उत्तर प्रदेश से और खबरें