बांदा में बिजली संकट पर फूटा गुस्सा, झांसी-मिर्जापुर हाईवे किया जाम, सैकड़ों वाहन फंसे

UP के बांदा जिले में बिजली की समस्या से परेशान ग्रामीणों के सब्र का बांध आखिरकार टूट गया. पिछले 10 दिनों से अंधेरे में रहने को मजबूर महुआ गांव के ग्रामीणों ने आज झांसी-मिर्जापुर नेशनल हाईवे (NH-35) पर चक्का जाम कर दिया. देखते ही देखते हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और सैकड़ों यात्री भीषण गर्मी में फंस गए. हालांकि, मौके पर पहुंचे सदर विधायक के ठोस आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने जाम खोला.
28 मई के तूफान के बाद से अंधेरे में गांव: आक्रोशित ग्रामीणों का कहना है कि बीते 28 मई को आए तेज तूफान के दौरान गांव का विद्युत ट्रांसफार्मर जल गया था. इस घटना को 10 दिन बीत चुके हैं, लेकिन बिजली विभाग ने इसकी सुध नहीं ली.
ग्रामीणों का दर्द: भीषण गर्मी में बिना बिजली के हमारा जीना मुहाल हो गया है. बच्चों और बुजुर्गों की हालत बेहाल है. बिजली विभाग के अधिकारियों से कई बार शिकायत की गई, लेकिन उनके कान पर जूं तक नहीं रेंगी. मजबूरन हमें अपनी आवाज उठाने के लिए सड़क पर उतरना पड़ा.
विधायक के आश्वासन पर शांत हुआ गुस्सा: हाईवे पर चक्का जाम और हंगामे की सूचना मिलते ही सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी तुरंत मौके पर पहुंचे. उन्होंने आक्रोशित ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया और बिजली विभाग के आला अधिकारियों से तुरंत बात की. विधायक ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि आज से ही ट्रांसफार्मर की मरम्मत और उसे बदलने का काम शुरू कर दिया जाएगा. उन्होंने भरोसा दिलाया कि बहुत जल्द गांव की बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी.
विधायक प्रकाश द्विवेदी के इस लिखित और मौखिक आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने हाईवे से जाम हटाया, जिसके बाद पुलिस ने यातायात को सुचारू रूप से चालू कराया. ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया, तो वे दोबारा उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे.
बांदा से और खबरें

Banda Bar Association Election: बांदा में अधिवक्ता संघ चुनाव के बाद बवाल, देर रात वकीलों में मारपीट
11 फ़रवरी 2026
बांदा में पंडित धीरेंद्र शास्त्री के बड़े बयान, हिंदुत्व, शिक्षा और जनसंख्या पर खुलकर बोले
18 जनवरी 2026
बांदा में ठंड से राहत के लिए जय टीवीएस संचालिका संतोष ओमर की सेवा पहल
26 दिसंबर 2025