बांदा में गैर-समुदाय में शादी का विरोध करने पर सास को कुल्हाड़ी से काट डाला

✍️NNS Desk
बांदा में गैर-समुदाय में शादी का विरोध करने पर सास को कुल्हाड़ी से काट डाला

UP के बांदा से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई है. यहां एक महिला को अपनी बेटी के प्रेम प्रसंग और लव मैरिज का विरोध करना जिंदगी की सबसे बड़ी कीमत चुकानी पड़ी. आरोप है कि बेटी के प्रेमी ने अपने दो परिजनों के साथ मिलकर महिला पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. गंभीर चोटों के चलते महिला की मौके पर ही मौत हो गई. सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी.

घटना बिसंडा थाना क्षेत्र के कोर्रही गांव की है. पुलिस के मुताबिक, मृतका की बालिग बेटी का गांव के ही एक दलित युवक से लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था. दोनों अलग-अलग धर्म से थे. कुछ महीने पहले दोनों घर से भाग गए और कथित तौर पर शादी कर ली. इसके बाद युवती अपने पति के साथ रहने लगी.

बताया जा रहा है कि युवती की मां शुरू से ही इस रिश्ते का विरोध कर रही थी. अलग-अलग धर्म होने की वजह से दोनों परिवारों के बीच कई बार विवाद भी हुआ. परिजनों का आरोप है कि इसी रंजिश को लेकर देर रात युवती का कथित पति लवकुश अपने दो परिजनों के साथ महिला के घर पहुंचा और कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी.

लव मैरिज के विरोध ने लिया खूनी मोड़: वारदात के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई. स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. वहीं फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाए, ताकि हत्या की पूरी साजिश का खुलासा किया जा सके.

मृतका के परिजनों का कहना है कि बेटी के प्रेम प्रसंग और शादी के बाद से परिवार लगातार तनाव में था. उनका आरोप है कि अगर बेटी ने उस युवक से शादी नहीं की होती तो आज उसकी मां जिंदा होती. घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में भी इस हत्या की चर्चा हर जुबान पर है. पुलिस की गिरफ्त में आरोपी.पुलिस ने मामले में तेजी दिखाते हुए हत्या के आरोप में नामजद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार समेत अन्य साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई जारी है.

DSP बोले- प्रेम विवाह के विरोध में की गई हत्या: बांदा के डिप्टी एसपी सौरभ सिंह ने बताया कि बिसंडा थाना क्षेत्र के कोर्रही गांव में महिला की हत्या की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे. फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का गहन निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए.

उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतका की बालिग बेटी ने गांव के ही एक युवक से प्रेम प्रसंग के बाद शादी कर ली थी. महिला इस रिश्ते का लगातार विरोध कर रही थी. इसी बात से नाराज होकर युवक ने धारदार हथियार से महिला पर हमला कर उसकी हत्या कर दी.

डीएसपी के मुताबिक, परिजनों की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. मामले में नामजद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है. शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और पुलिस सभी पहलुओं पर जांच करते हुए आगे की वैधानिक कार्रवाई में जुटी है.

उत्तर प्रदेश से और खबरें