बांदा में 60 लाख की कोडीन सीरप बरामद, डीसीएम से मिलीं 30 हजार बोतलें; चार गिरफ्तार

पुलिस के मुताबिक, बरामद सीरप की अनुमानित कीमत करीब 60 लाख 45 हजार रुपये है. मौके से एक कार भी बरामद हुई है. डीसीएम चालक समेत चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. एसटीएफ को बांदा क्षेत्र में कोडीन सीरप के अवैध परिवहन की सूचना मिली थी.
UP एसटीएफ और बांदा की बिसंडा पुलिस की संयुक्त टीम ने गुरुवार को अवैध रूप से ले जाई जा रही कोडीन सीरप की बड़ी खेप पकड़ी. टीम ने एक डीसीएम से 100 एमएल की 30 हजार बोतलें बरामद की हैं.
इसके बाद टीम ने बिसंडा थाना पुलिस के साथ संयुक्त अभियान चलाया. टीम ने संदिग्ध डीसीएम को ट्रेस कर रोक लिया. तलाशी लेने पर डीसीएम में 250 पेटियां मिलीं, जिनमें 100 एमएल की 30 हजार बोतलें थीं. पुलिस के अनुसार, सीरप की कुल मात्रा करीब तीन हजार लीटर है.
कार से कर रहे थे डीसीएम की स्कॉर्ट: पुलिस के मुताबिक, डीसीएम को एक कार स्कॉर्ट कर रही थी. टीम ने कार को भी मौके से बरामद कर लिया. दोनों वाहनों से जुड़े चार लोगों को हिरासत में लिया गया है. पुलिस पूछताछ में यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि सीरप की खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था.
पकड़े गए आरोपियों में बिसंडा थाना क्षेत्र के नहर पुरवा निवासी धीरेंद्र पुत्र भगवत प्रसाद, अतर्रा के लखन कॉलोनी निवासी प्रवीण उर्फ लकी पुत्र स्व. दयाराम, अतर्रा के रामलीला मैदान निवासी रोहित पुत्र कालूराम और हापुड़ जिले के बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र के भैना गांव निवासी शेखर पुत्र राजकुमार शामिल हैं.
पुलिस ने मौके से 250 पेटियों में 30 हजार कोडीन सीरप की बोतलें, एक डीसीएम और एक चार पहिया वाहन बरामद किया है. पुलिस मामले की जांच के साथ आरोपियों से पूछताछ कर खेप के स्रोत और सप्लाई नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
उत्तर प्रदेश से और खबरें

खतरे को दावत दे रहा जाजमऊ गंगा के किनारे का यह अपार्टमेंट, 40 परिवारों की जान सांसत में
3 सितंबर 2026
बिल्हौर के नसीरापुर गांव में बारिश का कहर, एक साथ ढहे 18 मकान; गृहस्थी मलबे में दबी
3 सितंबर 2026
आकाश आनंद BSP के सभी पदों से हटाए गए, मायावती ने ‘अपरिपक्व’ बताकर बड़ी जिम्मेदारियों से किया दूर
3 सितंबर 2026