कानपुर देहात के स्कूल में पढ़ाई नहीं हुई तो पुलिस चौकी पहुंचा 12 साल का छात्र, फिर ये सब …..

✍️NNS Desk
कानपुर देहात के स्कूल में पढ़ाई नहीं हुई तो पुलिस चौकी पहुंचा 12 साल का छात्र, फिर ये सब …..

कानपुर देहात में पढ़ाई न होने की शिकायत लेकर 12 साल का सातवीं कक्षा का छात्र पुलिस चौकी पहुंच गया. चौकी प्रभारी से कहा- टीचर्स पढ़ाती नहीं हैं, दिनभर फोन चलाती हैं. बड़े छात्र छोटे बच्चों को पीटते हैं और बच्चे ग्राउंड में खेलते रहते हैं.

उसने पूछा- “हमारे भविष्य का क्या होगा?”

छात्र की बातें सुनकर पुलिसकर्मी हैरान रह गए. एक हेड कांस्टेबल उसे लेकर स्कूल पहुंचे. पुलिस के सामने ही महिला टीचर छात्र को डांटने लगी और पीटने की धमकी दी. पुलिस ने शिक्षिका को समझाया और ऐसा न करने की हिदायत दी.

रसधान निवासी संजीव मिश्रा खेती करते हैं. उनके पांच बच्चे हैं- चार बेटे और एक बेटी. 12 साल का माधव चौथे नंबर का है. वह गांव के ही सरकारी कंपोजिट स्कूल में सातवीं कक्षा में पढ़ता है. 10 अगस्त को माधव स्कूल यूनिफॉर्म में रसधान पुलिस चौकी पहुंच गया. उसे देखकर पुलिसकर्मी हैरान रह गए. चौकी आने की वजह पूछी तो उसने बताया कि वह अपने स्कूल की शिकायत करने आया है.

माधव ने कहा- स्कूल में पढ़ाई नहीं होती. टीचर्स फोन चलाने में व्यस्त रहती हैं. बच्चे दिनभर ग्राउंड में खेलते रहते हैं. बड़े छात्र उसे आए दिन पीटते हैं. शिकायत करने पर भी कोई कार्रवाई नहीं होती. मैं बहुत परेशान हो गया हूं. उसने बताया कि जब वह स्कूल से चौकी के लिए निकला, तब भी मैम फोन पर बात कर रही थीं. छात्र की शिकायत सुनने के बाद चौकी का हेड कांस्टेबल उसे लेकर स्कूल पहुंचा.

पुलिस के सामने शिक्षिका ने छात्र को धमकाया: स्कूल में पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में छात्र और शिक्षिका सायमा खां के बीच बातचीत हुई. पुलिस ने शिक्षिका से छात्र की शिकायत के बारे में पूछा. इसी दौरान शिक्षिका छात्र को डांटने लगीं और मारने की धमकी देने लगीं. पुलिसकर्मियों ने घटना का वीडियो बना लिया.

बीएसए के निर्देश पर जांच, प्रधानाध्यापक और शिक्षिका को नोटिस: वीडियो सामने आने के बाद बीएसए आशीष पांडेय के निर्देश पर खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) ने स्कूल पहुंचकर जांच की. उन्होंने छात्रों और स्कूल स्टाफ से बातचीत की और अपनी रिपोर्ट बीएसए को सौंपी. रिपोर्ट के आधार पर बीएसए ने प्रधानाध्यापक अनुपम कुमार और शिक्षिका सायमा खां को शोकॉज नोटिस जारी किया है. दोनों को स्पष्टीकरण के लिए बीएसए कार्यालय बुलाया गया है.

बीईओ के अनुसार, कुछ छात्रों ने शिकायतकर्ता छात्र की पिटाई की थी. वह इसकी शिकायत करने टीचर के पास गया, लेकिन उस समय शिक्षिका फोन पर बात कर रही थीं और उन्होंने उसकी बात नहीं सुनी. इसी बात से नाराज होकर छात्र पुलिस चौकी पहुंच गया.

चौकी प्रभारी बोले- पढ़ाई नहीं होने की शिकायत थी रसधान चौकी प्रभारी प्रशांत सिंह ने बताया- “एक बच्चा शिकायत लेकर चौकी आया था. उसे चौकी का दीवान स्कूल लेकर गया था. बच्चा स्कूल में पढ़ाई नहीं होने की शिकायत कर रहा था. मामला गंभीर नहीं था, लेकिन पुलिसकर्मियों के सामने अध्यापिका ने जिस तरह बच्चे को डांटा, वह गलत है.”

बीएसए बोले- बच्चों के बीच विवाद था बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष पांडेय ने कहा- “बच्चों के बीच विवाद था. पुलिस चौकी स्कूल से बिल्कुल लगी हुई है, इसलिए बच्चा वहां चला गया. खंड शिक्षा अधिकारी ने मौके पर जाकर जांच की है. बच्चे के माता-पिता को भी स्कूल बुलाया गया था. उनके अनुसार बच्चा थोड़ा आक्रामक हो जाता है. फिलहाल उसे समझा दिया गया है..”

उत्तर प्रदेश से और खबरें