कानपुर में सर्राफ के यहां से चुरायी गयी 30 किलो चांदी नानाराव पार्क में मिट्टी में दबाकर रखी थी, गिरफ्तार

कानपुर के चटाई मोहाल में सराफ किशोर सिंह के घर से 30 किलो चांदी चोरी होने के मामले में पुलिस ने एमसीए पास सुधांशु को गिरफ्तार किया है. उसके पास से 24 किलो चांदी बरामद की गई जो उसने फूलबाग स्थित नानाराव पार्क में तीन अलग-अलग जगहों पर मिट्टी में दबाकर छिपा रखी थी. मामले का खुलासा करते हुए डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि बाकी की चांदी का भी पता लगाया जा रहा है.
सराफ किशोर सिंह की चौक में दुकान है. पुलिस को बताया था कि 12 सितंबर की रात वह दुकान से 30 किलो चांदी लेकर आए थे. इसकी कीमत उस वक्त करीब 75 लाख थी. 18 सितंबर को अलमारी खोली तो चांदी और 75 हजार रुपये गायब थे. पुलिस को सूचना दी गई। किशोर ने एक संदिग्ध का फुटेज पुलिस को सौंपा था.
एसीपी अमित कुमार पांडे ने बताया कि 16 सितंबर के सीसीटीवी फुटेज में पास रहने वाला सुधांशु घर के आसपास घूमता नजर आया. वहीं, सुधांशु के घर पर ताला भी लगा रहा. रविवार को जब घरवाले आए तो सटीक सूचना पर सुधांशु को फूल मंडी से गिरफ्तार किया गया है. उसकी निशानदेही पर पार्क से चांदी बरामद की गई. एसीपी का कहना है कि चोरी गई चांदी 25 किलो थी कि 30 किलो अभी यह भी स्पष्ट नहीं है.

जानकारी देते हुए डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता.
सट्टे की लत ने बना दिया कर्जदार: फीलखाना थानाध्यक्ष रीना सिंह ने बताया कि कुछ समय पहले सुधांशु की नौकरी छूट गई थी। उसे जुए और सट्टे की लत गई। इसी चक्कर में उस पर 10 लाख का कर्ज हो गया। इसी कर्ज को उतारने के लिए उसने सराफ के घर रेकी के बाद चोरी की।
कोर्ट में अर्जी दे पूछा कोई वारंट तो नहीं: सुधांशू ने जब देखा कि चोरी के बाद मोहल्ले में पुलिस की आवाजाही बढ़ गई है तो उसे लगा कि किसी ने उसे पार्क में चांदी दबाते हुए देख लिया। इस पर उसने पांच दिन पहले कोर्ट में अर्जी देकर पूछा कि उसके खिलाफ कोई वारंट तो नहीं है। कोर्ट ने जब प्रार्थना पत्र फीलखाना थाना भेजा तो पुलिस का शक गहरा हो गया।
पूरे परिवार को ले गया था अयोध्या: पुलिस की तेजी देख सुधांशु इस कदर घबरा गया कि अपने परिजन को चोरी की बात बता दी। परिजन ने उसे जमकर फटकार लगाई। इसके बाद पकड़े जाने के डर से सुधांशु सभी को लेकर पहले रायबरेली फिर अयोध्या घुमाने ले गया। उसने सोचा जब मामला ठंडा होगा तो वह लौट आएगा। उसके लौटते ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
उत्तर प्रदेश से और खबरें

फतेहपुर में सिलेंडर ब्लास्ट से 2 मकान ढहे, 4 की मौत; 2 पड़ोसियों के घरों में भी आयी दरारें
28 सितंबर 2026
कानपुर दवा कारोबारी हत्याकांड: 22 दिन बाद जेल से रिहा होगी बहू शालू, ‘बेटे ने पिता की हत्या कराकर फंसाया’
28 सितंबर 2026
मुरादाबाद में छत पर चढ़े 3 तेंदुए, UP में बारिश से 8 नदियां उफान पर; 2 मकान ढहे
28 सितंबर 2026