NNS Logo
LIVE
उत्तर प्रदेश

यूपी 2027 चुनाव की तैयारी: मायावती की अध्यक्षता में BSP की बड़ी बैठक, विरोधियों पर साधा निशाना

7 February 2026
यूपी 2027 चुनाव की तैयारी: मायावती की अध्यक्षता में BSP की बड़ी बैठक, विरोधियों पर साधा निशाना

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर बहुजन समाज पार्टी (BSP) ने अपनी रणनीति तेज कर दी है। पार्टी अध्यक्ष मायावती की अध्यक्षता में आयोजित एक अहम बैठक में संगठन विस्तार, जनाधार संरक्षण और आगामी चुनावी रणनीति पर मंथन किया गया। इस बैठक में प्रदेश भर से 1400 से अधिक पदाधिकारी, जिनमें ज़िलाध्यक्ष और विधानसभा अध्यक्ष शामिल रहे।बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में मायावती ने कहा कि उत्तर प्रदेश में BSP को कमजोर करने के लिए विरोधी दल लगातार षड्यंत्र रच रहे हैं। पार्टी पदाधिकारियों को इन साजिशों के प्रति सचेत किया जाएगा और संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत किया जाएगा।

जाति-धर्म की राजनीति पर कड़ा प्रहार

मायावती ने केंद्र और राज्य सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि जनहित के मुद्दों पर काम करने के बजाय जाति और धर्म की आड़ में राजनीति की जा रही है। इससे समाज में द्वेष की भावना फैल रही है, जो देश और जनता—दोनों के हित में नहीं है।उन्होंने संसद में हो रहे हंगामे पर भी नाराज़गी जताई और कहा कि चर्चा के बजाय एक-दूसरे को नीचा दिखाने का ड्रामा हो रहा है। संसद को सुचारू रूप से चलाने के लिए बने नियमों का पालन होना चाहिए। सत्ता और विपक्ष—दोनों को ऐसे आचरण से बचना चाहिए।

अमेरिका-भारत ट्रेड डील और जनहित के सवाल

अमेरिका-भारत ट्रेड डील पर प्रतिक्रिया देते हुए मायावती ने कहा कि देश में किसान, मजदूर और मुस्लिम समुदाय की स्थिति सुधारने पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा है। टैरिफ और व्यापार समझौतों पर संसद में स्थिति स्पष्ट होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता पक्ष और विपक्ष—दोनों एक-दूसरे को नीचा दिखाने में लगे हैं, जिससे असली मुद्दे पीछे छूट जाते हैं।

SIR और संगठनात्मक रणनीति पर चर्चा

मायावती ने बताया कि यूपी विधानसभा चुनाव में अब समय कम बचा है। पार्टी मूवमेंट के हित में यह बड़ी बैठक बुलाई गई थी, जिसमें प्रदेश मंडल और 403 विधानसभा सीटों के अध्यक्षों ने हिस्सा लिया। बैठक में पार्टी की सालाना गतिविधियों, संगठनात्मक मजबूती और SIR (विशेष गहन पुनरीक्षण) से जुड़े मुद्दों पर भी विस्तृत चर्चा की गई।BSP नेतृत्व ने स्पष्ट संकेत दिया है कि 2027 चुनाव से पहले संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत किया जाएगा और विरोधियों की कथित साजिशों का राजनीतिक व कानूनी तौर पर मुकाबला किया जाएगा। मायावती ने पार्टी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर जनहित के मुद्दों पर संघर्ष तेज करने का आह्वान किया है।