औरैया पहुंचे सपा राष्ट्रीय महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव, SIR को लेकर भाजपा सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

रिपोर्टर अमित शर्मा औरैया। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं राज्यसभा सांसद प्रो. रामगोपाल यादव के औरैया आगमन पर आयोजकों और सपा कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर बल्लापुर स्थित विवेकानंद इंटर कॉलेज, नगला भोज में भौतिक विज्ञान एवं रासायनिक विज्ञान प्रयोगशाला का विधिवत उद्घाटन किया गया।उद्घाटन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद प्रो. रामगोपाल यादव ने कॉलेज परिसर में छात्रों से संवाद किया और शिक्षा में आधुनिक प्रयोगशालाओं की उपयोगिता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि विज्ञान प्रयोगशालाएं छात्रों की प्रतिभा को निखारने में अहम भूमिका निभाती हैं और इससे ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को भी बेहतर अवसर मिलेंगे।

SIR प्रक्रिया को लेकर भाजपा पर तीखा हमला
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रो. रामगोपाल यादव ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि लखनऊ से भाजपा के लोग तय कराकर भेज रहे हैं कि किसे वोट देना है और किसका वोट काटना है। यह पूरा काम जिला अधिकारियों के माध्यम से कराया जा रहा है।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि SIR प्रक्रिया में किसी भी तरह की धांधली होती है, तो PDA प्रहरी बूथ स्तर से लेकर जिला स्तर तक पैनी नजर रखेंगे। जरूरत पड़ी तो यह लड़ाई बूथ से लेकर सीधे सुप्रीम कोर्ट तक लड़ी जाएगी।
UGC मुद्दे पर क्या बोले रामगोपाल यादव
UGC से जुड़े विवाद पर उन्होंने कहा कि यह न्यायालय का विषय है और इस पर अंतिम फैसला कोर्ट ही करेगा। यदि आवश्यक हुआ तो समाजवादी पार्टी इस मुद्दे पर भी सुप्रीम कोर्ट तक संघर्ष करेगी।
इन नेताओं की रही मौजूदगी
इस मौके पर प्रदीप यादव (दिबियापुर विधायक), सर्वेश बाबू गौतम (सपा जिलाध्यक्ष), जिला पंचायत सदस्य धर्मेंद्र यादव, विद्यालय प्रबंधक ध्रुव यादव सहित बड़ी संख्या में सपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने अतिथियों का आभार व्यक्त किया और छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।