लखनऊ आत्मदाह कांड: अमेठी में जामो थाना प्रभारी समेत 3 पुलिसकर्मी निलंबित

✍️By: Nation Now Samachar Desk
lucknow-atmadah-case-amethi-police-suspension

लखनऊ/अमेठी। अमेठी की रहने वाली एक महिला और उसकी बेटी द्वारा लखनऊ में आत्मदाह की कोशिश किए जाने के मामले में बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई हुई है। जामो थाना प्रभारी निरीक्षक समेत तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई प्रथम दृष्टया लापरवाही के आरोपों के बाद की गई है।

जानकारी के मुताबिक, साफिया और उसकी बेटी गुड़िया ने शुक्रवार शाम करीब साढ़े पांच बजे लखनऊ के लोकभवन के सामने खुद पर मिट्टी का तेल छिड़ककर आग लगा ली। यह कदम कथित तौर पर भूमि और नाली विवाद में पुलिस द्वारा कार्रवाई न किए जाने के विरोध में उठाया गया।

नाली विवाद से जुड़ा मामला

जिलाधिकारी अरुण कुमार और पुलिस अधीक्षक ख्याति गर्ग ने बताया कि साफिया का अपने पड़ोसी से नाली को लेकर विवाद था। इस मामले में 9 जुलाई को मारपीट की घटना भी हुई थी, जिस पर पुलिस द्वारा नियमानुसार कार्रवाई की गई थी।

पुलिस को नहीं मिला कोई प्रार्थना पत्र

पुलिस अधीक्षक ख्याति गर्ग के अनुसार, महिला या उसकी बेटी की ओर से आत्मदाह की चेतावनी से जुड़ा कोई प्रार्थना पत्र न तो थाने में दिया गया था और न ही खुफिया विभाग को इसकी कोई जानकारी थी।

तीन पुलिसकर्मी निलंबित

इस मामले में जामो थाना प्रभारी रतन सिंह, एक उप निरीक्षक और एक सिपाही को निलंबित कर दिया गया है। पूरे मामले की जांच अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) को सौंपी गई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो

घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसमें एक महिला आग की लपटों में घिरी भागती नजर आ रही है। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तुरंत हस्तक्षेप कर आग बुझाई।दोनों महिलाओं को सिविल अस्पताल की बर्न यूनिट में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।यह घटना अत्यंत हाई-सिक्योरिटी जोन में हुई है, जहां विधान भवन और लोकभवन स्थित हैं। लोकभवन में ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का कार्यालय भी है, जिसके चलते सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं।

उत्तर प्रदेश से और खबरें