सीएम योगी का सिंगापुर-जापान दौरा, यूपी में निवेश लाने की कोशिश पर अखिलेश का तंज

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जल्द ही सिंगापुर और जापान के दौरे पर जाने वाले हैं। यह दौरा यूपी की अर्थव्यवस्था को मजबूती देने और राज्य में विदेशी निवेश आकर्षित करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री 22 फरवरी को सिंगापुर के लिए रवाना होंगे। 23 और 24 फरवरी को वह सिंगापुर में अलग-अलग उद्योगपतियों और निवेशकों से मुलाकात करेंगे।

इसके बाद वह जापान जाएंगे, जहां 25 और 26 फरवरी को संभावित निवेशकों के साथ बैठकें प्रस्तावित हैं।इस दौरे के दौरान मुख्यमंत्री निवेशकों को उत्तर प्रदेश में निवेश के लिए आमंत्रित करेंगे। सरकार की कोशिश है कि अरबों डॉलर के निवेश की संभावनाएं तलाश की जाएं और राज्य में उद्योग, रोजगार और बुनियादी ढांचे को नई गति मिले।विशेष रूप से ग्रेटर नोएडा क्षेत्र को अंतरराष्ट्रीय औद्योगिक हब के रूप में विकसित करने की योजना पर जोर दिया जा रहा है।
ग्रेटर नोएडा में ‘जापान सिटी’ और ‘सिंगापुर सिटी’ का प्रस्ताव
सूत्रों के मुताबिक, मुख्यमंत्री की योजना है कि दिल्ली के पास ग्रेटर नोएडा के सेक्टर 5ए और सेक्टर 7 में जापानी और सिंगापुर के औद्योगिक शहर विकसित किए जाएं।इस प्रस्ताव के तहत करीब 500 एकड़ भूमि आवंटित करने की बात शामिल है। सरकार का मानना है कि इससे हाई-टेक इंडस्ट्री, मैन्युफैक्चरिंग और एक्सपोर्ट सेक्टर को बढ़ावा मिलेगा।
अखिलेश यादव का तंज
सीएम के इस दौरे को लेकर अखिलेश यादव ने कटाक्ष किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि जब जापान जा ही रहे हैं तो क्योटो भी हो आइए, ताकि यह समझ सकें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र काशी को क्योटो जैसा क्यों नहीं बनाया जा सका।अखिलेश यादव ने तंज करते हुए कहा कि काशी की विरासत कैसे प्रभावित हुई, यह भी समझना चाहिए।
राजनीतिक और आर्थिक नजरिए से अहम दौरा
सीएम योगी का यह दौरा आर्थिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है, वहीं राजनीतिक बयानबाजी ने इसे और चर्चा में ला दिया है। अब सभी की नजर इस बात पर है कि इस विदेश यात्रा से यूपी को कितना वास्तविक निवेश और फायदा मिल पाता है।
उत्तर प्रदेश से और खबरें

रायबरेली के कुम्हार को 1.25 करोड़ का GST नोटिस, बोले- मेरा कोई बड़ा कारोबार नहीं
20 फ़रवरी 2026
बस्ती: छुट्टी मांगने पर महिला कांस्टेबल से अभद्रता का आरोप, कोतवाल पर गंभीर शिकायत
20 फ़रवरी 2026
Unnao Rape Case: कुलदीप सेंगर के भाई की जमानत याचिका खारिज, उन्नाव केस में हाईकोर्ट का बड़ा फैसला
20 फ़रवरी 2026