रामादेवी फ्लाईओवर पर आधी रात DCM पलटी: बेकाबू होकर दूसरी लेन में जा गिरी, कई वाहन टकराने से बचे

कानपुर के चकेरी थाना क्षेत्र में नौबस्ता-रामादेवी फ्लाईओवर पर सोमवार देर रात करीब 1 बजे एक तेज रफ्तार डीसीएम का अगला चक्का अचानक जाम हो गया. बेकाबू हुआ डीसीएम सुरक्षा रेलिंग तोड़कर पलट गया और दूसरी लेन में पहुंच गया. इस हादसे में सामने से आ रहे कई वाहन डीसीएम से टकराने से बाल-बाल बचे. यह घटना कुछ ही सेकंड में बड़े हादसे का रूप ले सकती थी.
डीसीएम चालक ने बताया कि वह कानपुर देहात से लखनऊ भाड़ा लेकर जा रहा था. रामादेवी फ्लाईओवर पर पहुंचते ही डीसीएम का अगला टायर अचानक जाम हो गया. तेज रफ्तार के कारण वाहन बेकाबू होकर रेलिंग तोड़ते हुए पलट गया. चालक ने वाहन से कूदकर अपनी जान बचाई.
हादसे के बाद नौबस्ता की ओर से आने वाले वाहनों की रफ्तार थम गई, जिससे फ्लाईओवर पर यातायात रुक गया. सूचना मिलने पर चकेरी पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने क्रेन की मदद से पलटे हुए डीसीएम को सड़क से हटवाया और यातायात को सामान्य किया.
इस दौरान नौबस्ता की तरफ से रामादेवी आ रहे शमशाद और नावेद ने बताया कि घटना के समय वे डीसीएम से करीब 200 मीटर दूर थे. डीसीएम के अचानक पलटने पर उन्होंने अपनी कार को तुरंत नियंत्रित कर लिया.
चकेरी थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र ने बताया कि हादसे में किसी की जान का नुकसान नहीं हुआ है. वाहन को हटाकर यातायात सामान्य कर दिया गया है.
उत्तर प्रदेश से और खबरें

बसपा में आकाश फिर पैदल, छोटे भाई ईशान आनंद बने 15 राज्यों के मुख्य सेक्टर प्रभारी
8 सितंबर 2026
चाइनीज मांझे ने फिर किया लहूलुहान, कानपुर की 80 फीट रोड पर बैंक अधिकारी के साथ हुई घटना
7 सितंबर 2026
दलितों को लुभाने के लिए अखिलेश ने ओढ़ा ‘नीला गमछा’, सपा का ड्रेस कोड भी हो गया नीला
7 सितंबर 2026