सजेती में संदिग्ध हालात में छप्पर में फंदे से लटका मिला युवक का शव, जांच में जुटी पुलिस

कानपुर के सजेती थाना क्षेत्र के कोटरा मकरंदपुर गांव में शुक्रवार सुबह 30 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी के फंदे पर लटका मिला. शव दूसरे घर के छप्पर में धन्नी से रस्सी के सहारे लटका था. सूचना पर पहुंची पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल की जांच कराई. पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

दूसरे घर में मिला शव: कोटरा मकरंदपुर निवासी हरिओम निषाद (30) पुत्र दिनेश निषाद गुरुवार रात अपने दूसरे घर गया था. शुक्रवार सुबह परिजन वहां पहुंचे तो हरिओम का शव छप्पर में लगी धन्नी से रस्सी के सहारे लटकता मिला. शव देखते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई. आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी.
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य: सूचना मिलते ही सजेती पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद फॉरेंसिक टीम को बुलाया. टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए. इसके बाद पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
कारण स्पष्ट नहीं, जांच जारी: पुलिस युवक के आत्महत्या किए जाने की आशंका के साथ घटना के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है. परिजनों से पूछताछ कर हरिओम की घटना से पहले की गतिविधियों और परिस्थितियों की जानकारी जुटाई जा रही है. फिलहाल आत्महत्या के कारण का पता नहीं चल सका है. पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है.
थाना प्रभारी बोले-जांच हो रही है सजेती थाना प्रभारी अनुज भारती ने बताया कि युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. घटनास्थल की जांच कराई गई है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
उत्तर प्रदेश से और खबरें

कानपुर में सर्राफ के यहां से चुरायी गयी 30 किलो चांदी नानाराव पार्क में मिट्टी में दबाकर रखी थी, गिरफ्तार
28 सितंबर 2026
फतेहपुर में सिलेंडर ब्लास्ट से 2 मकान ढहे, 4 की मौत; 2 पड़ोसियों के घरों में भी आयी दरारें
28 सितंबर 2026
कानपुर दवा कारोबारी हत्याकांड: 22 दिन बाद जेल से रिहा होगी बहू शालू, ‘बेटे ने पिता की हत्या कराकर फंसाया’
28 सितंबर 2026