राहुल गांधी बोले- मुझे जब घसीटकर ले जा रहे थे तब पुलिसवाले कान में बोले- ‘इस सरकार को हटाइए’

जंतर-मंतर पर चल रहे छात्र आंदोलन को कांग्रेस सांसद और नेता विपक्ष राहुल गांधी ने खुलकर सपोर्ट किया है. बीते दिन प्रधानमंत्री आवास के बाहर विरोध प्रदर्शन करने पर सुरक्षाबलों ने राहुल गांधी समेत तमाम सांसदों को घसीटकर वहां से हटा दिया था. इस पर राहुल गांधी ने अब दावा किया है कि जो पुलिसवाले उन्हें घसीटकर ले जा रहे थे, वे उनके कान में सरकार को हटाने के लिए कह रहे थे. इसमें राजस्थान और हरियाणा के पुलिसकर्मी भी थे.
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा, ”यह सही बात है कि पुलिसवाले मुझे घसीटकर ले गए, लेकिन वे कान में कह रहे थे कि इस सरकार को हटाइए. मैं राजस्थान-हरियाणा का हूं. इन्हें हटाइए। हम सिर्फ वर्दी पहने हैं. उन्हें ऑर्डर मानना पड़ता है, इसलिए मान रहे हैं. पुलिसवाले भी जो हो रहा है, उससे खुश नहीं है. वह जानते हैं कि यह अपराध हो रहा है. वे इसमें अपने बच्चों को देखते हैं.’
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और कई अन्य कांग्रेस नेताओं ने छात्रों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई के विरोध में मंगलवार को प्रधानमंत्री आवास के निकट धरना दिया और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के इस्तीफे की मांग की थी. बाद में पुलिस ने राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, सपा प्रमुख अखिलेश यादव और कई अन्य नेताओं को हिरासत में लिया और उन्हें बस में बैठाकर ले जाया गया. बस में बैठाने के दौरान प्रियंका गांधी ने प्रतिरोध भी किया. सपा प्रमुख अखिलेश यादव भी इस धरना में शामिल हुए थे. कांग्रेस नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के इस्तीफे की मांग करते हुए ‘7 लोक कल्याण मार्ग’ के निकट धरना दिया और ‘प्रधानमंत्री इस्तीफा दो’, ‘गुंडागर्दी नहीं चलेगी’ तथा ‘छात्रों को न्याय दो’ जैसे नारे लगाए.
‘पिछले 10 साल में 152 पेपर लीक हुए:’ राहुल गांधी सोमवार को प्रोटेस्ट करने वालों पर पुलिस ऐक्शन की आलोचना की और कहा कि पिछले दस सालों में 152 पेपर लीक हुए हैं, जिससे 7.5 करोड़ स्टूडेंट्स और उनके परिवार प्रभावित हुए हैं. राहुल गांधी ने ‘चलो संसद’ मार्च के दौरान प्रोटेस्ट करने वालों पर पुलिस ऐक्शन के खिलाफ लोक कल्याण मार्ग पर कांग्रेस के प्रोटेस्ट के एक दिन बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि पार्टी स्टूडेंट्स की मांगों का पूरा सपोर्ट करती है.
कांग्रेस सांसद ने कहा, “यह बात सभी के लिए बिल्कुल साफ है कि हमारा एजुकेशन सिस्टम, जिसे दुनिया के सबसे अच्छे एजुकेशन सिस्टम में से एक माना जाता था, आज एक धांधली वाला सिस्टम है. हम जो जानते हैं वह यह है कि पिछले दस सालों में 152 पेपर लीक हुए हैं. अगर आप हिसाब लगाएं। तो हर महीने लगभग एक। हर महीने, लाखों स्टूडेंट्स से कहा जाता है कि जिस स्ट्रेस से आप गुजरे हैं, आपको उससे दोबारा गुजरना होगा। उसके बाद वे कहते हैं कि हमें सच में कोई फर्क नहीं पड़ता.”
‘साढ़े सात करोड़ स्टूडेंट्स और उनके परिवार प्रभावित’: उन्होंने आगे कहा, “साढ़े सात करोड़ स्टूडेंट्स और उनके परिवार इससे प्रभावित हुए हैं. ये मिडिल क्लास और गरीब परिवार हैं। उन्होंने अपनी मेहनत की कमाई इसमें लगाई. सबसे अच्छी बात यह है कि जीरो कन्विक्शन हुआ है. पिछले 10 सालों में, 152 लीक हुए हैं और जीरो कन्विक्शन हुआ है. तो कोई या कुछ लोगों का ग्रुप हमारे एजुकेशन सिस्टम, भारत की सबसे कीमती संपत्ति को बर्बाद कर रहा है, हमारे स्टूडेंट्स की जिंदगी बर्बाद कर रहा है. सरकार क्या करती है? जीरो कन्विक्शन.”
राजनीति से और खबरें

अन्ना हजारे की PM मोदी को नसीहत: लिखा लेटर, धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर कही बड़ी बात
22 जुलाई 2026
राहुल गांधी की नाक से बहता दिखा खून, हिरासत में लिए जाने के दौरान चोट पहुंचाने के आरोप
21 जुलाई 2026
धरने पर बैठे राहुल गांधी को पुलिस उठाकर ले गई, प्रियंका-अखिलेश भी लिये गये हिरासत में
21 जुलाई 2026