श्रद्धा दुबे नागपुर से गिरफ्तार, शिवा मर्डर केस में 11 दिन से छका रही थी पुलिस को

लखनऊ के कारोबारी शिवा शर्मा की मौत के मामले में पिछले 11 दिन से यूपी पुलिस को छका रही श्रद्धा दुबे को नागपुर से गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके साथ उसकी बहन और ड्राइवर भी यूपी पुलिस के हत्थे चढ़ गए हैं। बताया जा रहा है यूपी पुलिस और यूपी एसटीएफ की टीम श्रद्धा दुबे की तलाश कई शहरों में कर रही थी। पुलिस ने श्रद्धा, उसकी बहन और ड्राइवर पर 50-50 हजार रुपए का इनाम भी घोषित किया था। इस बीच उसकी लोकेशन आगरा एक होटल में मिलने की भी चर्चा थी। श्रद्धा दुबे के लखनऊ से नेपाल भाग जाने और फिर लखनऊ आने, मीडिया को इंटरव्यू देने और वहां से वेस्ट यूपी की ओर निकल जाने जैसी गतिविधियों से पुलिस हलकान थी।
श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि और ड्राइवर दानिश की गिरफ्तारी को शिवा शर्मा हत्याकांड में यूपी पुलिस की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। तीनों को यूपी एसटीएफ ने गिरफ्तार किया। मंगलवार को ही उन्हें लखनऊ लाया जाएगा। पुलिस का दावा है कि श्रद्धा दुबे अपनी बहन और ड्राइवर के साथ बुर्के में ट्रेवल कर रही थी। यूपी एसटीएफ ने उसकी लोकेशन को ट्रेस किया और नागपुर पुलिस की मदद से उसे गिरफ्तार किया। पुलिस मंगलवार को ही श्रद्धा, उसकी बहन और ड्राइवर को नागपुर से ट्रांजिट रिमांड पर लखनऊ लेकर आएगी।
अग्रिम जमानत की कोशिश में थी श्रद्धा दुबे: शिवा शर्मा की मौत के बाद हत्या के आरोप में एफआईआर होने के बाद एक तरफ पुलिस श्रद्धा दुबे को यूपी से लेकर नेपाल तक ढूंढ रही थी, दूसरी तरफ वह एंटीसेपेट्री बेल (अग्रिम जमानत) हासिल करने की कोशिशों में जुटी थी। बताया जा रहा है कि इन दिनों नवमी और दहशहरे की छुट्टी के कारण उसकी यह योजना फेल होते दिख रही थी। इस लिए वह मुफीद ठिकाने खोज रही थी। दशहरे के बाद उसकी समर्पण की तैयारी थी। वह कई नामचीन अधिवक्ताओं के संपर्क में थी। उधर, श्रद्धा लगातार ट्रेवल कर रही थी। पहले उसके नेपाल भागने की खबर आई। फिर पता चला कि वह यूपी लौट आई है। लखनऊ में भी उसकी लोकेशन मिलने की बात आई। लखनऊ में उसके वकालतनामा साइन करने की भी बात आई थी। इसके बाद वह आगरा पहुंची। आगरा से वह मध्य प्रदेश के सतना होते हुए नागपुर गई जहां से यूपी एसटीएफ ने स्थानीय पुलिस की मदद से उसे, उसकी बहन और ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया।
शिवा की मां ने सीएम योगी से लगाई थी गुहार: शिवा की मां रंजना ने हत्याकांड की निष्पक्ष जांच और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई समेत सात मांगों को बिंदुवार लिखकर मुख्यमंत्री को पत्र भेजा था। उन्होंने यह पत्र भाजपा विधायक नीरज बोरा के जरिए भेजा। रंजना ने पत्र में लिखा कि उन्हें मुख्यमंत्री योगी और पुलिस पर भरोसा है। इस कारण वह न्याय की आशा करती हैं। रंजना ने मांग की है कि मामले की जांच वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की निगरानी में हो। अगर कोई भी जांच प्रभावित करने अथवा साक्ष्यों से छेड़छाड़ करने की कोशिश करे तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो। साथ ही उन्होंने लिखा की जांच समयबद्ध सुनिश्चित कराई जाए। हत्यारोपी मॉडल श्रद्धा दुबे उसकी बहन रश्मि, ड्राइवर दानिश और अन्य के खिलाफ साक्ष्य हैं। रंजना ने परिवार की सुरक्षा की मांग की है। इसके साथ ही उन्होंने न्यायिक प्रक्रिया से संबंधित आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाने की मांग की है।
राष्ट्रीय से और खबरें

‘सिर्फ 15 मिनट में दबोचा’, टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग करने वाले शूटर ऐसे पकड़े गए
19 अक्तूबर 2026
टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग में दो हमलावरों की पहली तस्वीर सामने आई, अंधेरी स्टेशन से बाइक बरामद
19 अक्तूबर 2026
फ्रांस और बांग्लादेश में जैसी हिंसा हुई, वैसी ही भारत के लिए भी रची गई थी: किरेन रिजिजू
18 अक्तूबर 2026