फतेहपुर में सिलेंडर ब्लास्ट से 2 मकान ढहे, 4 की मौत; 2 पड़ोसियों के घरों में भी आयी दरारें

✍️NNS Desk
फतेहपुर में सिलेंडर ब्लास्ट से 2 मकान ढहे, 4 की मौत; 2 पड़ोसियों के घरों में भी आयी दरारें

फतेहपुर में सोमवार शाम बड़ा हादसा हो गया. गैस सिलेंडर में ब्लास्ट से फल विक्रेता का 2 मंजिला भरभराकर ढह गया. इससे परिवार के 4 लोगों की मलबे में दबकर मौत हो गई जबकि तीन बुरी तरह झुलसे हैं.

घटना शाम करीब 5 बजे की है. खाना बनाते समय मकान में आग लग गई. परिवार की महिलाएं चीखते हुए बाहर भागीं. तभी घर में रखे 2 गैस सिलेंडरों में ब्लास्ट हो गया. मकान की पूरी छत ढह गई. धमाका इतना तेज था कि 200 मीटर दूर तक भूकंप जैसा झटका लगा. पड़ोस में बने 4 अन्य मकान भी क्षतिग्रस्त हो गए.

सूचना पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची लेकिन, जिस मकान में विस्फोट हुआ, वह संकरी गली में है. इस कारण फायर ब्रिगेड की गाड़ी नहीं पहुच पाई. JCB को बुलाया गया. पुलिस ने आस-पास के लोगों की मदद ली.

मलबा हटाकर 7 लोगों को बाहर निकाला गया लेकिन अस्पताल में 4 को मृत घोषित कर दिया गया. एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया, घायलों को मेडिकल कॉलेज फ़तेहपुर में भर्ती कराया गया है. धमाका क्यों और कैसे हुआ, जांच की जा रही है.

धमाके की आवाज सुनकर पहुंचे लोग: प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सोमवार शाम करीब 5 बजे अचानक मकान में तेज धमाका हुआ. इससे मकान गिर गया. धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे. पुलिस ने भीड़ को हटाकर घटनास्थल को घेर लिया, ताकि राहत-बचाव कार्य में परेशानी न हो.

मलवां थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम लगातार मलबा हटाने में जुटी है. अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर राहत-बचाव कार्य का जायजा लिया. पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि मकान में सिलेंडर कैसे फटा.

परिजन बोले- अंदर मौजूद लोग झुलस गए: परिजन ने बताया, “मुझे सूचना मिली थी कि मेरे भतीजे के घर में विस्फोट हुआ है. कुछ देर बाद मोहल्ले के लोगों ने फोन कर बताया कि पूरा मकान ढह गया है. मैं तुरंत मौके पर पहुंचा। घर में दो महिलाएं और चार बच्चे मौजूद थे. वे बुरी तरह झुलस गए थे. इस हादसे में मेरे एक नाती की भी मौत हो गई. 

उत्तर प्रदेश से और खबरें