मैगी को लेकर फिर उठे सवाल! पैकेट में कीड़े मिलने का दावा, नेस्ले इंडिया ने दी सफाई

✍️NNS Desk
मैगी को लेकर फिर उठे सवाल! पैकेट में कीड़े मिलने का दावा, नेस्ले इंडिया ने दी सफाई

मुंबई के कल्याण इलाके में एक ग्राहक द्वारा मैगी नूडल्स के पैकेट में कथित तौर पर कीड़े और लार्वा पाए जाने का मामला सामने आया है. ग्राहक के मुताबिक, नूडल्स तैयार करने के दौरान उसे पैकेट के अंदर कीड़े दिखाई दिए. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पैकेट पर फरवरी 2027 की एक्सपायरी डेट दर्ज थी. ऐसे में उत्पाद की निर्धारित शेल्फ लाइफ पूरी होने से पहले उसमें कथित खराबी सामने आने को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं.

नेस्ले इंडिया ने ये कहा: घटना के बाद पैकेज्ड फूड की गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा को लेकर चर्चा फिर तेज हो गई है. बताया जा रहा है कि मामले की जांच के लिए महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) से शिकायत का संज्ञान लेने और संबंधित उत्पाद के नमूने प्रयोगशाला भेजने की मांग की गई है. जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि शिकायत में लगाए गए आरोप कितने सही हैं. इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए नेस्ले इंडिया ने कहा कि उसे घटना की जानकारी मीडिया रिपोर्ट्स के जरिए मिली है.

कंपनी के अनुसार, अभी तक संबंधित उपभोक्ता या किसी सरकारी अधिकारी ने सीधे कंपनी से संपर्क नहीं किया है. नेस्ले इंडिया के प्रवक्ता ने कहा कि मौजूदा स्थिति में कंपनी शिकायत की प्रामाणिकता को लेकर कोई निष्कर्ष नहीं निकाल सकती. उन्होंने बताया कि कंपनी अपने उत्पादों की गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए निर्माण प्रक्रिया के अलग-अलग चरणों में कड़े नियंत्रण और जांच के उपाय अपनाती है.

‘सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण उत्पाद उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध’: कंपनी के मुताबिक, गुणवत्ता जांच कच्चे माल की खरीद से शुरू होती है और उत्पादन से लेकर पैकेजिंग तक जारी रहती है. इसके अलावा, सभी विनिर्माण संयंत्रों में खाद्य सुरक्षा और गुणवत्ता प्रबंधन से जुड़ी व्यवस्थाएं लागू हैं. नेस्ले इंडिया ने कहा कि वो उपभोक्ताओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण उत्पाद उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है. मामले की वास्तविक स्थिति संबंधित उत्पाद के नमूने की जांच और आधिकारिक स्तर पर की जाने वाली कार्रवाई के बाद ही सामने आएगी.

Business & Economics से और खबरें