नगर निगम के नकारेपन को झेल रहे कल्याणपुर के 5000 वाशिंदे, कोई जनप्रतिनिधि झांकने तक नहीं आया

कानपुर में लगातार बारिश के बाद कल्याणपुर आवास विकास-3 के हालात बिगड़ गए हैं. रविवार सुबह तेज बारिश रुक गई, लेकिन नाला ओवरफ्लो होने से नाली और सीवर का पानी घरों में पहुंच गया. कहीं बेडरूम में पानी है तो कहीं पूरा ग्राउंड फ्लोर जलमग्न है। कई घरों में दो से तीन फीट तक पानी भरा है. कल्याणपुर आवास विकास, बारासिरोही और मिर्जापुर के करीब 5 हजार घर इस संकट से जूझ रहे हैं.

आवास विकास तीन चौकी व सब्जी मंडी वाली रोड में भरा पानी.
सड़कें व घर जलमग्न: इलाके में सब्जी मंडी, पुलिस चौकी रोड, शिव मंदिर के सामने व पीछे की ओर, कृष्णा पार्क, झंडा पार्क, अर्मापुर स्टेट के सामने वाली रोड, शहीद संदीप चौहान की प्रतिमा वाली रोड समेत पूरे क्षेत्र की सड़कें जलमग्न हैं. कोई मोटर लगाकर पानी निकाल रहा है तो कोई बाल्टी के सहारे पानी निकालने में जुटा है. कोई थक हारकर हालात सामान्य होने के इंतजार में बैठा है.

घर के अंदर घुटने तक पानी
सामान पानी में तैर रहा: आवास विकास तीन सब्जी मंडी के पास रहने वाले सुनील शर्मा के घर के ग्राउंड फ्लोर में घुटनों तक पानी भरा है. किचन का सामान सिलिंडर व बर्तन आदि पानी में तैर रहे हैं. इसके अलावा तखत व चारपाई आधी डूबी पड़ी है. किचन में भी घुटनों तक पानी है. यह बताते हैं कि कम से कम तीन फुट पानी है. बरसात के बाद घर के भीतर नाली भी ओवरफ्लो हुई है. हमारा सारा सामान पानी में तैर रहा है. खाना तक नहीं बन पा रहा है.

पानी में तैर रहा सिलिंडर व जलमग्न घर.
घरों में फर्नीचर हो रहा खराब: क्षेत्र के कृष्णा पार्क के पास गलियां जलमग्न हैं. इसके अलावा घरों में भी पानी है। माला ने बताया कि बारिश के बाद से हम लोगों के घरों के भीतर पानी भरा है. खाना बनाने की दिक्कत हो रही है. फ्रिज और फर्नीचर भी खराब हो रहा है। कूलर की मोटर लगाकर पानी निकाल रहे हैं.
प्रियंका बताती हैं कि कमरे व किचन में पानी भरा है. जमीन के नीचे से पानी आ रहा है. मोटर लगाकर पानी निकाल रहे हैं. अलमारी के अंदर पानी भर गया है. स्थिति ठीक नहीं है.

पानी भरने से खराब हो रही अलमारियां व बेडरुम में भरा पानी.
सांसद, विधायक व पार्षद किसी को परवाह नहीं: गोपाल बनर्जी ने बताया कि नाली व सीवर की सप्लाई नहीं है. घरों में पानी भरा है. उसी में रह रहे हैं। हमारी मदद के लिए कोई नहीं आया. पार्षद के तो दर्शन तक नहीं है. कभी सोचा नहीं था कि ऐसे हालात भी देखने पड़ेंगे. पुरुषोत्तम सिंह बताते हैं कि पूरी तरह से आवास विकास प्रभावित हैं. घरों मे पानी भरा है. लोग खाना नहीं बना पा रहे हैं लेकिन सांसद विधायक या पार्षद किसी को भी परवाह नहीं है.
उत्तर प्रदेश से और खबरें

बाराबंकी में सरयू ने मचायी तबाही, मस्जिद का बड़ा हिस्सा नदी में समाया; बाबा नारायण दास धाम पर खतरा
27 सितंबर 2026
कानपुर के सिकठिया में बारिश से जमीन धंसी, 30 फीट गहरा गड्ढा; महिला ने बच्चों का बचाया
27 सितंबर 2026
संत प्रेमानंद के शिष्य का छत से कूदकर खुदकुशी करने वाला CCTV आया, रोंगटे खड़े हो जाएंगे
27 सितंबर 2026