दिल्ली में केजरीवाल से मिलीं ममता बनर्जी, कल INDIA गठबंधन की बैठक; 23 दल होंगे शामिल

✍️NNS Desk
दिल्ली में केजरीवाल से मिलीं ममता बनर्जी, कल INDIA गठबंधन की बैठक; 23 दल होंगे शामिल

TMC के भीतर अंदरूनी तनाव की अटकलों के बीच ममता बनर्जी विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ की बैठक से एक दिन पहले रविवार को दिल्ली में अरविंद केजरीवाल से मुलाकात की. TMC सांसद अभिषेक बनर्जी ने भी अरविंद केजरीवाल से मुलाकात की। तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी शनिवार को ही दिल्ली पहुंच गए थे. ममता बनर्जी के साथ राज्यसभा सदस्य डोला सेन और लोकसभा सदस्य कल्याण बनर्जी भी दिल्ली पहुंचे हैं.

रिपोर्ट के मुताबिक, ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी की केजरीवाल से मुलाकात ऐसे वक्त में हो रही है जब कयास लगाए जा रहे हैं कि टीएमसी के असंतुष्ट नेता और सांसद संसद में भी वही स्थिति पैदा करने की कोशिश कर सकते हैं जो पहले पश्चिम बंगाल विधानसभा में हो चुकी है. बताया जाता है कि तृणमूल के 80 में से 58 विधायकों ने पार्टी के आधिकारिक विधायक दल से बगावत कर अलग गुट बना लिया है.

ममता और अभिषेक के दिल्ली दौरे पर नजरें: इसे ममता बनर्जी के लिए सबसे बड़ा झटका माना जा रहा है. हाल के विधानसभा चुनावों में हार के बाद टीएमसी के कई नेताओं ने खुलकर ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी की नेतृत्व शैली की आलोचना की है. ऐसे में जब संकेत मिल रहे हैं कि बागी सांसद भी अगले कुछ दिनों में कोई बड़ा कदम उठा सकते हैं तो ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी के दिल्ली दौरे पर नजरें टिक गई हैं.

बैठक में शामिल होंगे 23 दल: कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने बताया कि विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन की सोमवार को होने वाली बैठक में 23 राजनीतिक दल शामिल होंगे. बैठक दिल्ली के ‘कॉन्स्टीट्यूशन क्लब’ में होगी जिसमें राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे, टीएमसी की ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी, सपा प्रमुख अखिलेश यादव, राजद के तेजस्वी यादव और शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के उद्धव ठाकरे समेत विपक्षी दलों के शीर्ष नेता शामिल होंगे.

AAP और DMK ने बनाई दूरी: डीएमके और आम आदमी पार्टी के बैठक में शामिल होने की संभावना नहीं है. आम आदमी पार्टी ने तो गठबंधन से पहले ही दूरी बना ली है जबकि डीएमके ने तमिलनाडु में कांग्रेस के संबंध तोड़ने के बाद बैठक का बहिष्कार करने का फैसला किया है. हालांकि कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने दावा किया कि विपक्षी ‘इंडिया’ गुट एकजुट है. जयराम रमेश ने कहा कि कुछ राजनीतिक दलों ने अलग-अलग वजहों के चलते बैठक में शामिल होने में असमर्थता जताई है.

बैठक में इन मुद्दों पर हो सकती है चर्चा माना जा रहा है कि बैठक में भविष्य की रणनीति के साथ राज्यों में अगले चुनावी चक्र और 2029 के लोकसभा चुनावों को लेकर मंथन होगा. बैठक में विभिन्न मुद्दों पर मोदी सरकार को घेरने की रणनीति पर भी चर्चा की संभावना है. साथ ही नरेन्द्र मोदी के मुकाबले के लिए किसी चेहरे को पेश किए जाने को लेकर भी बातचीत हो सकती है. टीएमसी के नेता एवं सांसद डेरेक ओ ब्रायन ने कहा कि बैठक साझा उद्देश्य और स्पष्ट इरादे के साथ हो रही है। ‘इंडिया’ एकजुट है.

राष्ट्रीय से और खबरें