Kanpur Air Pollution 2025- कानपुर: दीपों के त्योहार दीपावली के बाद कानपुर शहर धुंध और धुएं की चादर में लिपटा नजर आ रहा है। शहर का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 254 दर्ज किया गया, जो ऑरेंज जोन में आता है। यानी त्योहार की रोशनी के साथ-साथ हवा में फैली धूल, धुआं और पटाखों का असर अब शहरवासियों की सांसों पर पड़ रहा है।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा बुधवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, दीपावली से पहले AQI 206 था, जबकि अब यह बढ़कर 254 तक पहुंच गया। शहर के तीन प्रमुख निगरानी केंद्रों पर प्रदूषण स्तर इस प्रकार दर्ज किया गया:
- FTI किदवई नगर: 275
- NSI कल्याणपुर: 262
- नेहरू नगर: 226
धुएं और आतिशबाजी से निकलने वाले सूक्ष्म कण PM 2.5 और PM 10 हवा में घुलकर खतरनाक स्तर तक पहुंच गए हैं। ये कण फेफड़ों में जाकर सांस लेने की नलियों को प्रभावित कर सकते हैं।
अक्टूबर की शुरुआत में शहर की हवा सामान्य थी, जिसमें 1 अक्टूबर को AQI 41 दर्ज किया गया था। लेकिन 10 अक्टूबर के बाद लगातार गिरावट आई और 18 अक्टूबर को 206, 21 अक्टूबर को 229 और 22 अक्टूबर को 254 दर्ज हुआ।
नगर निगम और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा धूल और प्रदूषण कम करने के लिए सफाई अभियान और पानी का छिड़काव किया जा रहा है। साथ ही खुले में कचरा जलाने और निर्माण स्थलों को ग्रीन चादर से ढकने के निर्देश जारी किए गए हैं।