अयोध्या में नदी में नहाते हुए 5 महिलाएं डूबीं, तीन की मौत; हादसे पर CM योगी ने लिया संज्ञान

✍️NNS Desk
अयोध्या में नदी में नहाते हुए 5 महिलाएं डूबीं, तीन की मौत; हादसे पर CM योगी ने लिया संज्ञान

अयोध्या के रौनाही थाना क्षेत्र स्थित सनाहा गांव के पास सरयू नदी में मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया. नदी में स्नान के दौरान एक महिला के डूबने पर उसे बचाने के प्रयास में पांच महिलाएं गहरे पानी में समा गईं. इस हादसे में तीन महिलाओं की मौत हो चुकी है, जबकि दो किशोरियां अभी भी लापता हैं. प्रशासन और स्थानीय गोताखोर लगातार तलाश अभियान चला रहे हैं.

मां को बचाने की कोशिश बनी हादसे की वजह: जानकारी के अनुसार सनाहा गांव निवासी सजरूल निशा (45) अपनी बेटी नाजिया, भांजी शाहीन, भतीजी मरियम और गांव की रशीदा के साथ सरयू नदी में स्नान करने गई थीं. उनके साथ सफीना भी मौजूद थी, जो नदी किनारे ही खड़ी रही.

बताया जा रहा है कि स्नान के दौरान सजरूल निशा गहरे पानी में चली गईं और डूबने लगीं. उन्हें बचाने के लिए नाजिया, मरियम, शाहीन और रशीदा भी नदी में उतर गईं, लेकिन तेज बहाव और गहराई के कारण सभी पानी में फंस गईं. सफीना ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को मदद के लिए बुलाया.

ग्रामीणों ने शुरू किया बचाव अभियान: घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद सजरूल निशा, शाहीन और मरियम को नदी से बाहर निकाला गया. उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया.

फिलहाल नाजिया (16) और रशीदा (15) की तलाश जारी है. स्थानीय गोताखोर नदी में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं. पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर डटे हुए हैं.

मुख्यमंत्री ने दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश: घटना की जानकारी मिलने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मामले का संज्ञान लिया और अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए. प्रशासन ने एसडीआरएफ की टीम को भी तलाश अभियान में लगाया है.

गांव में पसरा मातम, लोगों से सावधानी बरतने की अपील: हादसे के बाद सनाहा गांव में शोक और गम का माहौल है. मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों ने भी घटनास्थल का दौरा कर पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया है.

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बरसात के मौसम में नदियों और जलाशयों में स्नान करते समय विशेष सावधानी बरतें और गहरे पानी में जाने से बचें, ताकि ऐसे दर्दनाक हादसे दोबारा न हो सकें. 

अयोध्या से और खबरें