अमेठी: गला रेतकर 22 वर्षीय युवती की हत्या से सनसनी, रेप की आशंका से हड़कंप

अमेठी से नितेश तिवारी की रिपोर्ट उत्तर प्रदेश के अमेठी जनपद से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। गौरीगंज कोतवाली क्षेत्र के चतुरीपुर मजरे मऊ गांव में बुधवार सुबह 22 वर्षीय युवती का शव खेत में संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद किया गया। युवती की पहचान अवधेश प्रसाद दुबे की पुत्री अनीता के रूप में हुई है।घटना के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी का माहौल है और परिजन गहरे सदमे में हैं।

घर से 100 मीटर दूर मिला शव
जानकारी के अनुसार, अनीता का शव उसके घर से लगभग 100 मीटर दूरी पर नहर किनारे खेत में पड़ा मिला। सुबह जब परिजन बाहर निकले तो उन्होंने शव देखा, जिसके बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया।परिजनों का कहना है कि अनीता रात में खाना खाने और बर्तन धोने के बाद अपने कमरे में सोने चली गई थी। लेकिन देर रात वह घर से बाहर कैसे निकली और किस परिस्थिति में उसकी हत्या हुई, यह अभी रहस्य बना हुआ है।
शरीर पर चोट के निशान, कपड़े अस्त-व्यस्त
प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों के अनुसार, शव की स्थिति बेहद संदिग्ध थी। युवती के शरीर पर कपड़े अस्त-व्यस्त थे और गला किसी धारदार हथियार से रेता गया था। इसी आधार पर परिजनों ने दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताई है।हालांकि, पुलिस ने अभी तक इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और जांच जारी है।
परिवार का दर्द और बयान
मृतका के भाई ओमप्रकाश ने बताया कि सुबह जब वे लोग बाहर आए तो उनकी बहन का शव खेत में पड़ा हुआ था। उन्होंने आरोप लगाया कि यह एक गंभीर अपराध है और आशंका है कि पहले उसके साथ गलत काम किया गया और फिर हत्या कर दी गई।परिवार ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की गंभीरता से जांच की जाए और दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए।वहीं मृतका की छोटी बहन ने बताया कि अनीता रोजमर्रा के कामों में लगी रहती थी और सिलाई सीखने भी जाती थी। उसने यह भी बताया कि अनीता किसी व्यक्ति से फोन पर बात करने से परेशान थी, हालांकि उसे यह जानकारी नहीं कि वह कौन था।
पुलिस जांच में तेजी, चार टीमों का गठन
इस मामले में अमेठी पुलिस प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए जांच शुरू कर दी है। अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि गौरीगंज थाना क्षेत्र में युवती की संदिग्ध मौत की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी।घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य संकलन किया गया है। साथ ही पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई भी पूरी कर ली गई है।पुलिस के अनुसार, परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है और मामले की जांच के लिए चार विशेष टीमों का गठन किया गया है।
अमेठी से और खबरें

Amethi Road Accident: DCM-Car Bhidant Ke Baad Car Mein Lagi Bhishan Aag
1 जून 2026
अमेठी :कैंसर इलाज की नई उम्मीद, लींस ऑन्कोलॉजी इंस्टिट्यूट बना क्षेत्र का पहला रेडिएशन सेंटर
3 मई 2026
अमेठी में एग्रो डीलर्स का अल्टीमेटम: समस्याएं नहीं सुलझीं तो प्रभावित होगी कृषि सप्लाई चेन
27 अप्रैल 2026