कानपुर में पुलिस टीम पर हमला, इंस्पेक्टर-दरोगा घायल; महिला की मौत के बाद बवाल

कानपुर में एक महिला की मौत के बाद परिजनों ने हत्या का आरोप लगाकर हंगामा किया. रविवार शाम करीब 5:45 बजे परिजनों ने शव को हाईवे पर रखकर जाम लगा दिया. जाम खुलवाने और परिजनों को समझाने के लिए पुलिस टीम मौके पर पहुंची. इसी दौरान कुछ लोगों ने पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया. पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को खदेड़ा और हाईवे से जाम खुलवाया. वहीं, घरवाले शव लेकर भाग गए. सूचना पर एडीसीपी, एसीपी समेत 4 थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। घटना महाराजपुर थाना क्षेत्र की है.
हमले में महाराजपुर और चकेरी थाने के इंस्पेक्टर घायल हो गए. पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, हमले में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है. पहचान होने के बाद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी.
कानपुर में शनिवार को एक महिला का शव फंदे पर लटका मिला था. महिला के मायकेवालों ने ससुरालवालों पर हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया. रविवार शाम 5.45 बजे पोस्टमॉर्टम के बाद शव कानपुर-प्रयागराज हाईवे पर शव रखकर जाम लगा दिया.
पुलिस ने जाम खुलवाने और प्रदर्शनकारियों को समझाने का कोशिश की, लेकिन लोग भड़क गए. इसी दौरान कुछ लोगों ने पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया। इसमें दो इंस्पेक्टर और एक दरोगा घायल हो गए। पथराव के बाद अफरा-तफरी मच गई.
8 साल पहले हुई थी शादी, आंगन में शव लटका मिला: शेखपुर गांव निवासी माला (32) की शादी करीब 8 साल पहले लालूखेड़ा गांव के रहने वाले मुन्ना निषाद से हुई थी. दोनों के 2 बच्चे- बेटा रुद्रा और बेटी वैष्णवी हैं. मायकेवालों के मुताबिक, शनिवार के माला की तबीयत खराब थी. माला के ताऊ का बेटा शनि उसे दवा दिलाने के बाद दोपहर करीब 3 बजे ससुराल छोड़कर आया था.
शनि ने बताया कि माला को ससुराल छोड़ने के करीब एक घंटे बाद जीजा मुन्ना का फोन आया. उसने बताया कि माला फंदे से लटक गई है. पता चलते ही हम लोग माला की ससुराल लालूपुर गांव पहुंचे. घर के अंदर माला का शव फंदे से लटक रहा था.
इसके बाद हम लोगों ने पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच की। फिर शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया.
शव घर ले जाते समय ससुराल और मायकेवाले भिड़े: पोस्टमॉर्टम के बाद रविवार शाम मायकेवाले माला का शव घर ले जा रहे थे. इसी दौरान रास्ते में ससुरालवालों से उनकी कहासुनी हो गई. मायकेवालों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने ससुरालवालों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की है.
इसके बाद मायकेवालों ने शव कानपुर-प्रयागराज हाईवे पर रखकर जाम लगा दिया और ससुरालवालों पर कार्रवाई की मांग करने लगे. हाईवे जाम होने की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची. पुलिसकर्मियों ने प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाकर जाम खुलवाने का प्रयास किया.
इसी दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी नोकझोंक हो गई. कुछ ही देर में भीड़ उग्र हो गई और पुलिस टीम पर पथराव शुरू कर दिया. इसमें चकेरी इंस्पेक्टर अजय प्रकाश मिश्र, महाराजपुर इंस्पेक्टर जनार्दन सिंह और अहिरवां चौकी प्रभारी राजवीर सिंह घायल हो गए. तीनों घायल पुलिसकर्मियों को इलाज के लिए कांशीराम अस्पताल भेजा गया.

अहिरवां चौकी इंचार्ज जयवीर सिंह के हाथ और सिर में चोट लगी है.
एडीसीपी-एसीपी समेत 4 थानों की पुलिस पहुंची: पुलिस पर पथराव और हाईवे जाम की सूचना मिलते ही एडीसीपी शिवा सिंह और चकेरी एसीपी आशुतोष सिंह समेत 4 थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और हाईवे से भीड़ को हटाया.
इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में परिजन शव लेकर घर भाग गए. पुलिस अफसरों का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है. पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
उत्तर प्रदेश से और खबरें

अखिलेश के PDA पर जयंत का तीखा प्रहार, बोले- ‘ये कोई PDA नहीं है, ये पीड़ा है, ये बौखलाहट है’
30 अगस्त 2026
कानपुर में नहीं थम रहा सड़क धंसने का सिलसिला, अब जाजमऊ छबीलेपुरवा में हुआ गड्ढा
30 अगस्त 2026
कानपुर में गड्ढे में बैठकर मार्बल व्यापारियों ने प्रदर्शन किया:बोले- MP-MLA, महापौर सब भाजपा के, फिर भी…
30 अगस्त 2026