शाहजहांपुर में 2 साधुओं की मंदिर में हत्या कर लाशें फूंक दी गयीं, घटना से क्षेत्र में तनाव

✍️NNS Desk
शाहजहांपुर में 2 साधुओं की मंदिर में हत्या कर लाशें फूंक दी गयीं, घटना से क्षेत्र में तनाव

UP के शाहजहांपुर में शिव मंदिर में दो साधुओं की हत्या कर दी गई. इसके बाद शवों को जला दिया गया. गुरुवार सुबह 7 बजे गांव वाले मंदिर से धुआं उठता देखकर पहुंचे. एक साधु का शव जल रहा था, जबकि दूसरे का शव जलकर कंकाल बन चुका था.

दोनों शव एक-दूसरे से 10 मीटर दूर पड़े थे. वारदात जिला मुख्यालय से 70 किलोमीटर दूर खुदागंज की है. साधुओं की पहचान बाबा गोपाल दास और बाबा बिहारी दास के रूप में हुई है. दोनों खुदागंज के सूथा गांव स्थित मंदिर में रहते थे.

मिली जानकारी के अनुसार गांव के लोगों ने बताया- अजीजगंज मोहल्ले के रहने वाले साधु गोपाल दास (70) कथावाचक थे. वह करीब 20 साल से मंदिर में रह रहे थे जबकि बिहारी दास (60) हमारे ही गांव के रहने वाले थे. पहले बिहारी दास सूथा गांव के ही ठाकुर जी मंदिर में रहते थे. एक महीने पहले वह गोपाल दास के शिष्य बने थे. इसके बाद दोनों शिव मंदिर में रहने लगे थे.

हत्याकांड में बाबा बिहारी दास के भतीजे प्रदीप सिंह ने कहा- गांव के रहने वाले युवक सुमित ने इस घटना को अंजाम दिया. उसने पहले भी कई बार इन पर हमला किया था. वहीं, मंदिर में साफ-सफाई करने वाले द्रगपाल ने बताया- सुबह 7 बजे मंदिर पहुंचा तो शव जलते हुए मिले. रात में मेरी उनसे मुलाकात नहीं हुई थी. बुधवार दोपहर 3 बजे मैं दोनों साधुओं से आखिरी बार मिला था. इसके बाद मैं अपने घर चला आया था.

उत्तर प्रदेश से और खबरें