रायबरेली में राहुल गांधी को बांधी राखी, लगाया टीका: मिलने वालों की लगी लंबी लाइन; सपा नेता भी मिलने पहुंचे

✍️NNS Desk
रायबरेली में राहुल गांधी को बांधी राखी, लगाया टीका: मिलने वालों की लगी लंबी लाइन; सपा नेता भी मिलने पहुंचे

रायबरेली में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने जनता दरबार लगाया. बुधवार सुबह से ही भुएमऊ गेस्ट हाउस पर लोगों की भीड़ जुट गई. राहुल से मिलने के लिए लोगों की लंबी लाइन दिखाई दी. सपा नेता ने भी राहुल से मुलाकात की. सुरक्षा के लिहाज से एक-एक करके लोगों को अंदर एंट्री दी जा रही है.

कांग्रेस सांसद से मुलाकात के बाद रायबरेली महिला कांग्रेस की अध्यक्ष लक्ष्मी सिन्हा ने बताया कि उन्होंने राहुल को राखी बांधी और टीका लगाया. साथ ही 2029 में उन्हें प्रधानमंत्री बनाने का संकल्प लिया. उन्होंने राहुल से कहा- “हमें बस थोड़ी मेहनत और करनी है.”

अपने 2 दिवसीय यूपी दौरे के आखिरी दिन राहुल सांसद निधि से 3 करोड़ रुपए की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे. इसके बाद दोपहर 12 बजे वह बचत भवन में ‘दिशा’ (DISHA) की बैठक में शामिल होंगे.

इससे पहले, मंगलवार को राहुल दिल्ली से एयर इंडिया की फ्लाइट AI-1717 से लखनऊ पहुंचे. पहले प्रयास में फ्लाइट की लैंडिंग नहीं हो सकी और विमान को ‘गो-अराउंड’ कराना पड़ा। लगभग 25 मिनट हवा में चक्कर लगाने के बाद दूसरे प्रयास में सफल लैंडिंग हुई.

फिर राहुल सड़क मार्ग से रायबरेली पहुंचे. रात उन्होंने सर्राफा व्यवसायियों के साथ बैठक की. व्यापारियों ने सोने-चांदी की बिक्री 50% तक घटने की बात कही. राहुल ने जवाब दिया कि वह सोने-चांदी पर बढ़े GST का मुद्दा संसद में उठाएंगे.

2024 में सांसद बनने के बाद राहुल का रायबरेली में यह 8वां दौरा है. इससे पहले वे 19-20 मई को 2 दिन के यूपी दौरे पर आए थे.

उत्तर प्रदेश से और खबरें