लखनऊ एयरपोर्ट पर एक बार में नहीं लैंड कर पाई एयर इंडिया फ्लाइट, यात्रियों में राहुल गांधी भी शामिल

✍️NNS Desk
लखनऊ एयरपोर्ट पर एक बार में नहीं लैंड कर पाई एयर इंडिया फ्लाइट, यात्रियों में राहुल गांधी भी शामिल

दिल्ली से लखनऊ आ रहे कांग्रेस नेता राहुल गांधी के एयर इंडिया विमान को चौधरी चरण सिंह (अमौसी) अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर लैंडिंग के दौरान अचानक तेज तिरछी हवा (क्रॉसविंड) का सामना करना पड़ा. एयर इंडिया का विमान पहली बार में लेंड नहीं कर पाया। रनवे से ठीक पहले पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए एयरक्राफ्ट को वापस ऊपर उठाया और दो चक्कर लगाने के बाद दूसरे प्रयास में विमान को सुरक्षित लैंड कराया.

एयर इंडिया की फ्लाइट एआई 1717 ने दिल्ली से निर्धारित समय दोपहर 2:20 बजे उड़ान भरी थी और इसे 3:30 बजे लखनऊ में लैंड करना था. पहले तो विमान को एक चक्कर हवा में ही काटना पड़ा. इसके बाद 3:45 विमान रनवे के बिल्कुल करीब हा चुका था लेकिन तिरछी हवा का जोर पायलट ने भांप लिया. सूझबूझ का परिचय देते हुए उसने तुरंत विमान को ऊपर उठा लिया. दो लम्बे चक्कर काटने और मौसम का सही आकलन करने के बाद पायलट ने 3:55 बजे दूसरे प्रयास में विमान को रनवे पर सुरक्षित उतारा.

खतरनाक होती है ‘क्रॉसविंड’ विमानन विशेषज्ञों के अनुसार, लैंडिंग के समय यदि हवा रनवे के समानांतर न होकर क्रॉसविंड यानी तिरछी चल रही हो, तो विमान का संतुलन बिगड़ने और उसके रनवे से भटकने की आशंका बनी रहती है. ऐसे में लैंडिंग टालकर विमान को दोबारा हवा में ले जाना एक मानक सुरक्षा प्रक्रिया है, जिससे किसी भी तरह के संभावित खतरे को टाल दिया गया.

एयरपोर्ट पर राहुल गांधी का भव्य स्वागत: कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी मंगलवार को लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचे. यहां कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय समेत अन्य पदाधिकारियों ने राहुल गांधी का भव्य स्वागत किया. इसके बाद राहुल गांधी का काफिला रायबरेली के लिए रवाना हो गया. रायबरेली के रास्ते में भी कांग्रेसियों ने राहुल गांधी का जगह-जगह स्वागत किया. राहुल गांधी दो दिवसीय दौरे पर रायबरेली पहुंचे हैं। राहुल गांधी रायबरेली में दिशा की बैठक में शामिल होंगे.

राहुल ने एयरपोर्ट पर नेताओं से जाना: यूपी का राजनीतिक हाल राहुल गांधी ने चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट पर पार्टी के नेताओं से मुलाकात की और उनसे प्रदेश का सियासी हाल जाना।एयरपोर्ट पर राहुल गांधी का स्वागत करने के लिए पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष बृजलाल खाबरी, पूर्व सांसद पीएल पुनिया, पूर्व एमएलसी दीपक सिंह, हाल ही में कांग्रेस में शामिल हुए असीम वकार समेत तमाम नेता पहुंचे थे। राहुल गांधी ने एयरपोर्ट पर नेताओं से संक्षिप्त मुलाकात की और यूपी के राजनीतिक हाल के बारे में जानकारी ली. सूत्रों के मुताबिक राहुल ने सभी नेताओं को विधान सभा चुनाव की तैयारियों में जुटने के निर्देश दिए हैं. राहुल ने नेताओं से कहा कि सरकार की कमियों को पुख्ता तौर पर जनता के बीच ले जाएं.

उत्तर प्रदेश से और खबरें