अखिलेश यादव के गढ़ कन्नौज PDA सम्मलेन फ्लॉप, नाराज सपा प्रमुख ने भंग की पूरी जिला इकाई

✍️NNS Desk
अखिलेश यादव के गढ़ कन्नौज PDA सम्मलेन फ्लॉप, नाराज सपा प्रमुख ने भंग की पूरी जिला इकाई

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने रविवार को कन्नौज की कार्यकारिणी भंग कर दी. PDA सम्मेलन में भीड़ नहीं जुटाने पर जिलाध्यक्ष कलीम खान समेत सभी पदाधिकारियों को हटा दिया है. प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने शाम करीब 7 बजे लेटर जारी किया. उन्होंने लिखा- जिला के साथ ही सभी फ्रंटल संगठनों की कार्यकारिणियां भी भंग कर दी गई हैं. हालांकि लेटर में कारणों का जिक्र नहीं किया है.

अखिलेश का यह लोकसभा क्षेत्र है। यहां 16 अक्टूबर को सपा कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल की मौजूदगी में PDA सम्मेलन हुआ था. कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं की संख्या काफी कम रही. ज्यादातर कुर्सियां खाली थीं.

कन्नौज से सांसद रहे भाजपा नेता सुब्रत पाठक और भाजपा विधायक असीम अरुण ने अखिलेश पर निशाना साधा. सुब्रत पाठक ने कहा, सपा के नेता बड़ी-बड़ी बातें करते हैं और झंडे लहराते हैं, लेकिन उनके मंच पर 100 कुर्सियां भी नहीं भर पाईं. ऐसे में वे भाजपा से चुनाव कैसे लड़ेंगे?

निवर्तमान जिलाध्यक्ष बोले- 2 हजार कुर्सियां थीं, 700 कार्यकर्ता आए: जिलाध्यक्ष पद से हटाए गए कलीम खान के मुताबिक, कार्यक्रम दोपहर 1 बजे शुरू हुआ और करीब दो घंटे तक चला. कार्यकर्ताओं के बैठने के लिए 2 हजार कुर्सियां लगवाई गई थीं. उन्होंने दावा किया कि सम्मेलन में करीब 700 कार्यकर्ता शामिल हुए थे.

वहीं, युवजन सभा के निवर्तमान प्रदेश उपाध्यक्ष हसीब हसन ने बताया कि उन्हें भी संगठन में उनके पद से मुक्त कर दिया गया है. जिले की पूरी कार्यकारिणी भी भंग कर दी गई है. उन्होंने कहा कि कार्रवाई के पीछे क्या वजह है, इसकी जानकारी पार्टी हाईकमान को ही होगी.

सुब्रत पाठक बोले- अखिलेश किसी भी सीट से लड़ लें चुनाव, भाजपा कार्यकर्ता हरा देगा: भाजपा के पूर्व सांसद सुब्रत पाठक ने सपा के मंच पर कम भीड़ जुटने को लेकर तंज कसा. उन्होंने कहा कि वह पहले भी चुनौती दे चुके हैं कि अखिलेश यादव कन्नौज की किसी भी विधानसभा सीट से चुनाव लड़ लें. उनके खिलाफ भाजपा का कोई साधारण कार्यकर्ता भी चुनाव लड़ेगा, तो उन्हें हरा देगा. अगर ऐसा नहीं हुआ, तो वह राजनीति से संन्यास ले लेंगे.

असीम अरुण बोले- कार्यकारिणी भंग करे या नई बनाए, इससे कोई फर्क नहीं पड़ेगा: मंत्री असीम अरुण ने कन्नौज में सपा के पीडीए सम्मेलन में कम भीड़ जुटने पर तंज कसा. उन्होंने कहा कि सपा के पास कभी जनसमर्थन नहीं रहा. उसका समर्थन केवल परिवार तक सीमित है. कन्नौज की खाली कुर्सियां इसका उदाहरण हैं। पूरे यूपी में लोग सपा के साथ नहीं हैं.

असीम अरुण ने आरोप लगाया कि कुछ लोग सपा सरकार बनने की उम्मीद इसलिए लगाए हैं, ताकि उनकी बेईमानी की दुकान फिर चल सके. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कानून-व्यवस्था बिगाड़ने और महिलाओं के खिलाफ अपराध करने वालों पर कार्रवाई की है.

उत्तर प्रदेश से और खबरें