जाजमऊ की जूता फैक्टरी में भीषण आग, तैयार स्टॉक खाक; लाखों के नुकसान का अनुमान

कानपुर के जाजमऊ थाना क्षेत्र अंतर्गत अशरफाबाद में शनिवार सुबह एक जूता फैक्टरी में भीषण आग लग गई. लपटों ने देखते ही देखते एक्सपोर्ट के लिए तैयार रखे जूतों के बड़े स्टॉक को अपनी चपेट में ले लिया. हादसे में लाखों रुपये का माल जलकर राख हो गया. फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद करीब दो घंटे में आग पर काबू पाया.
करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद सुबह आठ बजे आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका. हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. मेस्टन रोड निवासी महबूब इलाही की अशरफाबाद में जूता फैक्टरी है. उन्होंने बताया कि फैक्टरी में तैयार जूतों का बड़ा स्टॉक रखा था. इस माल को अगले महीने बाहर भेजा जाना था, लेकिन उससे पहले ही आग ने पूरे स्टॉक को अपनी चपेट में ले लिया.

नुकसान का आकलन अभी नहीं हो सका: तैयार जूतों के साथ फैक्टरी में रखा अन्य सामान भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. शुरुआती तौर पर नुकसान लाखों रुपये का बताया जा रहा है. हालांकि, वास्तविक नुकसान का आकलन अभी नहीं हो सका है. फैक्टरी से सुबह-सुबह धुआं और लपटें उठती देखकर आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया. सूचना पर पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियों ने मोर्चा संभाला और आग बुझाने की कार्रवाई शुरू की.
करीब दो घंटे में आग पर काबू पाया: फैक्टरी में जूते और अन्य ज्वलनशील सामग्री होने के कारण आग तेजी से फैलती रही. दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत करते हुए आग को आसपास फैलने से रोका और करीब दो घंटे में उस पर पूरी तरह काबू पा लिया. मौके पर मौजूद बीट प्रभारी अभिजीत पाठक ने बताया कि घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है. फायर टीम की मदद से आग पर काबू पा लिया गया.

आग लगने के कारणों की होगी जांच: वहीं, फायर अधिकारी राहुल नंदन के मुताबिक शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट सामने आ रही है. हालांकि वास्तविक कारण की पुष्टि विस्तृत जांच के बाद ही होगी. पुलिस और फायर विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर घटना की जांच शुरू कर दी है. फैक्टरी में हुए आर्थिक नुकसान का वास्तविक आंकड़ा कारोबारी और संबंधित विभाग की जांच के बाद स्पष्ट होगा.
उत्तर प्रदेश से और खबरें

कानपुर में रावतपुर के अपार्टमेंट में करंट लगने से चाचा-भतीजे की मौत, तीसरा मजदूर गंभीर
26 सितंबर 2026
आगरा में एक्सप्रेस-वे पर 140 की स्पीड वाली कार 5 बार पलटी, 3 की मौत; सीट बेल्ट से 2 की जान बची
26 सितंबर 2026
UP में बारिश से हालात खतरनाक, नगर निगमों का निक्कमापन उजागर; 58 जिलों में स्कूल बंद
26 सितंबर 2026