नगर निगम के नकारा अफसरों से त्रस्त कानपुर में BJP पार्षद ने किया इस्तीफे का ऐलान

कानपुर नगर निगम के दबौली वार्ड-72 की बीजेपी पार्षद वंदना शर्मा ने गुरुवार को महापौर प्रमिला पांडेय को अपना इस्तीफा देने का ऐलान कर दिया. उन्होंने नगर निगम के चीफ आर.के. पाल पर वार्ड की समस्याओं की अनदेखी करने, स्ट्रीट लाइट के निस्तारण में भेदभाव करने और कर्मचारियों पर मनमानी व तानाशाही का आरोप लगाया है.
वंदना शर्मा ने कहा कि वह पिछले तीन सालों से लगातार वार्ड की समस्याएं उठा रही हैं, लेकिन अधिकारियों ने किसी भी शिकायत पर गंभीरता से कार्रवाई नहीं की. पूरे वार्ड में स्ट्रीट लाइट की गंभीर समस्या बनी हुई है. शाम होते ही अधिकांश इलाके अंधेरे में डूब जाते हैं, जिससे लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है.
अधिकारियों पर लगाया पक्षपात का आरोप: पार्षद ने एक वीडियो जारी कर कहा कि जोन-5 की बैठक में उन्होंने नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय और महापौर प्रमिला पांडेय के सामने स्ट्रीट लाइट की समस्या प्रमुखता से उठाई थी. उन्होंने बताया कि कई स्ट्रीट लाइटें बिना स्विच के चल रही हैं, जिसके कारण वह दिन में भी जलती रहती हैं और जल्दी खराब हो जाती हैं.
उन्होंने आरोप लगाया कि जोन-5 की बैठक में चीफ आर.के. पाल की शिकायत करने के बाद उनके साथ पक्षपात किया जा रहा है. उन्होंने बताया कि वार्ड में विकास कार्य जानबूझकर नहीं कराए जा रहे हैं. उन्होंने यह भी दावा किया कि जेई से फोन पर बात करने पर उन्हें कहा गया कि धरने पर बैठिए या कहीं भी शिकायत करिए, आपके वार्ड में काम नहीं होगा.
महापौर को इस्तीफा देने का किया ऐलान: वंदना शर्मा ने कहा कि जब जनता द्वारा चुने गए प्रतिनिधि की बात ही नहीं सुनी जाती, तो आम लोगों की शिकायतों का क्या हाल होता होगा. उन्होंने वार्ड में काम न करा पाने में अपनी असमर्थता जताते हुए कहा कि अगर स्ट्रीट लाइट की समस्या का जल्द समाधान नहीं हुआ, तो वह अपना त्यागपत्र सौंप देंगी. उन्होंने महापौर से वार्ड की स्ट्रीट लाइट व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की और कहा कि चार साल बीतने के बाद भी समस्या जस की तस बनी हुई है.
उत्तर प्रदेश से और खबरें

मायावती ने पूर्व मंत्री अनंत कुमार मिश्रा उर्फ़ ‘अंटू’ को बसपा से निकाला, पार्टी विरोधी होने का आरोप
13 अगस्त 2026
गोरखपुर में डॉक्टर ने 8वीं मंजिल से कूदकर जान दी, महिला ठग ने हड़पे थे 1.40 करोड़
13 अगस्त 2026
घाटमपुर के पतारा में गांव किनारे मिला दलित युवती का शव, प्रेमी संग भाग निकली थी
13 अगस्त 2026