कानपुर देहात के प्रतिबंधित मार्ग पर दौड़ रहे डंपर ने ढाबा संचालिका को कुचला, दर्दनाक मौत

✍️NNS Desk
कानपुर देहात के प्रतिबंधित मार्ग पर दौड़ रहे डंपर ने ढाबा संचालिका को कुचला, दर्दनाक मौत

कानपुर देहात में माती से अकबरपुर ओवरब्रिज की तरफ जा रहे एक तेज रफ्तार डंपर ने दुकान खोलने की तैयारी कर रही एक महिला को कुचल दिया. इससे महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया. रूरा थाना क्षेत्र के तिगाई गांव की रहने वाली अंजू (45) पुत्री मेवालाल अकबरपुर में लोकप्रिय अस्पताल के बगल में एक जलपान गृह (ढाबा) चलाती थी.

अंजू का अपने पति सुनील से विवाद चल रहा था, जिसके कारण वह अपने भाई धर्मेंद्र के साथ तिगाई गांव में ही रह रही थी. सोमवार सुबह करीब 4:50 बजे अंजू हमेशा की तरह अपनी दुकान की साफ-सफाई कर उसे खोलने की तैयारी कर रही थी, तभी यह हादसा हो गया.

राहगीर सौरभ की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी महिला के परिजन को देने के साथ शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है. अकबरपुर थानाध्यक्ष हरमीत सिंह ने बताया कि हादसा कर भागे चालक की तलाश की जा रही है. मामले में परिजन की तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी.

अफसरों के बंगलों के सामने उड़ रही नियमों की धज्जियां: प्रतिबंधित क्षेत्र में हुए हादसे ने स्थानीय प्रशासन और यातायात व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. स्थानीय लोगों के मुताबिक, अकबरपुर ओवरब्रिज से माती मार्ग तक भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित है. इसके बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों की लापरवाही के चलते रात ढलते ही इस मार्ग पर मोरंग और मिट्टी लदे ओवरलोड डंपर व ट्रक बेखौफ फर्राटा भरते हैं.

ASP-CO आवास के ठीक सामने से गुजरते प्रतिबंधित वाहन: हैरान करने वाली बात यह है कि यह प्रतिबंधित भारी वाहन एएसपी और सीओ सदर के सरकारी आवास के ठीक सामने से गुजरते हैं, लेकिन इसके बाद भी इन पर कोई कार्रवाई नहीं होती. इसी लापरवाही की कीमत आज एक महिला को अपनी जान देकर चुकानी पड़ी.

उत्तर प्रदेश से और खबरें