4 शूटर, 30 सैकेन्ड और 20 गोलियां: हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान मर्डर का आया खौफनाक CCTV

✍️NNS Desk
4 शूटर, 30 सैकेन्ड और 20 गोलियां: हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान मर्डर का आया खौफनाक CCTV

UP के शामली जिले में मशहूर हरियाणवी सिंगर और यूट्यूबर अंकित बालियान की सनसनीखेज हत्या का सीसीटीवी (CCTV) फुटेज सामने आया है। मोहल्ला आर्यपुरी की नाल पटरी पर हुई इस वारदात के 89 सेकंड के वीडियो में हमलावरों की पूरी करतूत कैद हुई है.

बताया जा रहा है कि बुधवार शाम अंकित बालियान आर्यपुरी इलाके में स्थित जिम से बाहर निकले और अपनी कार की तरफ बढ़े. इसी दौरान बाइक सवार हमलावर वहां पहुंच गए. अंकित कुछ समझ पाते, इससे पहले ही बदमाशों ने उन पर फायरिंग शुरू कर दी. सीसीटीवी में हमलावरों को लगातार गोलियां चलाते देखा जा सकता है. पुलिस के अनुसार, 4 हमलावरों ने 30 सैकेन्ड में करीब 20 राउंड फायरिंग की. इस दौरान एक गोली अंकित के सिर में लगी. गंभीर रूप से घायल होने के बाद उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी तेजी से वहां से फरार हो गए.

CCTV से सुराग जुटा रही पुलिस: फुटेज सामने आने के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है. अधिकारी सीसीटीवी के जरिए हमलावरों की पहचान करने के साथ ही उनकी बाइक और भागने के रास्ते की जानकारी जुटा रहे हैं. घटनास्थल के आसपास लगे दूसरे कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों के आने-जाने का पूरा रूट सामने आ सके.

गोगी गैंग के नाम से पोस्ट ने बढ़ाई पुलिस की चिंता: हत्या के बाद सोशल मीडिया पर गोगी गैंग के नाम से कथित तौर पर एक पोस्ट सामने आने की भी बात कही जा रही है. इसके बाद पुलिस संगठित अपराध और गैंगवार के एंगल से भी मामले की जांच कर रही है. हालांकि, सोशल मीडिया पर सामने आई पोस्ट की वास्तविकता और हत्या से उसके संबंध की जांच अभी जारी है.

अंकित बालियान हरियाणवी संगीत और यूट्यूब की दुनिया में जाना-पहचाना नाम थे. उनकी सरेआम हत्या की खबर फैलते ही इलाके में सनसनी फैल गई. पुलिस का कहना है कि CCTV फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है. पुलिस अब जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा कर रही है और इस केस को टॉप प्रायोरिटी पर लेकर चल रही है.

उत्तर प्रदेश से और खबरें