महोबा जेल में बंद महिला ने बेटी को दिया जन्म, ढोल-नगाड़ों संग हुआ स्वागत

✍️By: Nation Now Samachar Desk
mahoba-jail-woman-prisoner-gave-birth-baby-girl-welcome

महोबा। उत्तर प्रदेश के महोबा जिला उपकारागार से एक भावुक और अनोखी तस्वीर सामने आई है। हत्या के मामले में पति और ससुर के साथ जेल में निरुद्ध एक गर्भवती महिला बंदी ने जिला महिला अस्पताल में स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया। इसके बाद जेल प्रशासन ने जच्चा और बच्चा का विशेष स्वागत कर मानवता की मिसाल पेश की।

जानकारी के अनुसार, शहर कोतवाली क्षेत्र के महोबा जिला उपकारागार में निरुद्ध महिला बंदी सीमा को प्रसव पीड़ा होने पर बीती रात महिला जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अस्पताल में उसने स्वस्थ बेटी को जन्म दिया। बच्ची के जन्म की खबर मिलते ही जेल कर्मियों और बंदियों में खुशी की लहर दौड़ गई।

अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद जेल प्रशासन ने सरकारी वाहन को फूलों और गुब्बारों से सजाकर ढोल-नगाड़ों के साथ जच्चा और बच्चा को जेल में प्रवेश कराया। अस्पताल से लेकर उपकारागार तक गाजे-बाजे के साथ चल रही इस सजाई गई सरकारी मारुति वैन को देखकर लोग हैरान रह गए।

जेल के भीतर प्रवेश करते ही बंदियों और जेल कर्मचारियों ने नवजात बच्ची का दिल खोलकर स्वागत किया। मिठाई बांटी गई और इस पहल की जमकर सराहना की गई। बच्ची के पिता और दादा भी इस दृश्य को देखकर भावुक हो उठे।जेल अधीक्षक पी.के. मिश्रा ने बताया कि महिला बंदी 27 मई से हत्या के मामले में जेल में निरुद्ध है। उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड में बेटी के जन्म पर खुशियां मनाने की परंपरा है और इसी भावना से प्रेरित होकर यह पहल की गई। उन्होंने यह भी बताया कि जेल प्रशासन नवजात बच्ची की छठी मनाने की तैयारी भी कर रहा है।यह घटना समाज को “बेटी है तो कल है” के संदेश से प्रेरित करती नजर आ रही है।

अन्य से और खबरें