मुरादाबाद में छत पर चढ़े 3 तेंदुए, UP में बारिश से 8 नदियां उफान पर; 2 मकान ढहे

✍️NNS Desk
मुरादाबाद में छत पर चढ़े 3 तेंदुए, UP में बारिश से 8 नदियां उफान पर; 2 मकान ढहे

मुरादाबाद में बारिश से गन्ने के खेतों में पानी भरने से कांठ-ठाकुरद्वारा के गावों में तेंदुओं की सक्रियता आबादी की ओर बढ़ गई है. कांठ के समदगढ़ उर्फ सिकंदराबाद गांव के पास शुक्रवार रात एक साथ तीन तेंदुए नलकूप की कोठरी पर चढ़कर बैठ गए. नलकूप आबादी से करीब 500 मीटर दूर है. कार सवार ग्रामीणों ने तेंदुओं का वीडियो बनाया और वन विभाग को भेजा. काफी देर बाद तीनों तेंदुए कोठरी से उतरकर गन्ने के खेतों में चले गए. एक साथ तीन तेंदुए दिखाई देने के बाद कांठ के 20 से ज्यादा गांवों में दहशत बढ़ गई है.

इधर यूपी में लगातार 4 दिनों तक हुई बारिश से हालात बिगड़ गए हैं. बदायूं में 70 साल पुरानी दो मंजिला कोठी भरभराकर गिर गई. महज 3 सेकंड में पूरी इमारत ताश के पत्तों की तरह धराशायी हो गई. अमरोहा में जर्जर मकान की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई.

प्रदेश की 8 नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं. कई गांवों में पानी घुस गया है. रास्ते जलमग्न हो गए हैं. नेपाल से पानी छोड़े जाने के बाद कुशीनगर में गंडक (नारायणी) नदी में बाढ़ आ गई है. 2 गांवों के 1,400 परिवार प्रभावित हुए हैं। 600 परिवार अपना घर छोड़कर तटबंध पर शरण लेने को मजबूर हैं.

बदायूं में 70 साल पुरानी दो मंजिला कोठी गिर गई. महज 3 सेकंड में पूरी इमारत जमींदोज हो गई.

गोंडा और बदायूं में छोटे पुलों के ऊपर से पानी बह रहा है. लोग 2-3 फीट पानी के बीच से आवाजाही कर रहे हैं. सीतापुर में सरायन और पिरई नदी का जलस्तर खतरे के निशान से 30 सेमी ऊपर पहुंच गया है. लोग ट्रैक्टर और जेसीबी से सामान सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा रहे हैं. उन्नाव में लोग मकानों और दुकानों की छतों पर रहने को मजबूर हैं.

सोमवार को लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज और वाराणसी समेत ज्यादातर शहरों में मौसम साफ है. करीब 96 घंटों के बाद मौसम साफ हुआ और धूप निकली. हालांकि, संभल और बिजनौर समेत 5-6 जिलों में हल्की बारिश हुई. मौसम विभाग ने आज भी 46 जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया है.

अमरोहा में जर्जर मकान की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई.

जलभराव और भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए 9 जिलों में स्कूल बंद कर दिए गए हैं. बरेली, लखीमपुर-खीरी, पीलीभीत, संभल, बिजनौर और मुरादाबाद में 12वीं तक, जबकि गोंडा, बदायूं और जौनपुर में 8वीं तक के स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई है.

गोंडा में टेढ़ी नदी उफान पर है. कटरा बाजार में चंदवतपुर घाट का पुल पानी में डूब गया. पुल के ऊपर से घुटनों तक पानी तेज धार के साथ बह रहा है.

24 घंटे में बारिश का असर बहुत कम हो जाएगा: वाराणसी के मौसम वैज्ञानिक मनोज श्रीवास्तव ने बताया- बंगाल की खाड़ी से उठा चक्रवात अब यूपी से गुजरकर कमजोर पड़ गया है. 4 दिनों तक लगातार हुई बारिश अब थमने लगी है. अगले 24 घंटे में बारिश का असर बहुत कम हो जाएगा. सिर्फ नेपाल सीमा से सटे तराई वाले इलाकों में ही हल्की बारिश होगी. अक्टूबर की शुरुआत में पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहेगा. तेज धूप निकलेगी.

उत्तर प्रदेश से और खबरें