कानपुर में गोकशी के दो वांछित मुठभेड़ में घायल, दोनों गिरफ्तार; अस्पताल में भर्ती

✍️NNS Desk
कानपुर में गोकशी के दो वांछित मुठभेड़ में घायल, दोनों गिरफ्तार; अस्पताल में भर्ती

कानपुर के नवाबगंज थाना क्षेत्र में गोकशी के मामले में वांछित फरहान कालिया और कादिर शुक्रवार को फजलगंज में पुलिस मुठभेड़ के दौरान गोली लगने से घायल हो गए. पुलिस के मुताबिक, दोनों ने घेराबंदी के दौरान पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की. जवाबी कार्रवाई में दोनों को गोली लगी. पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा है.

पुलिस के अनुसार, सात और आठ अक्तूबर की रात नवाबगंज थाना क्षेत्र में गोकशी की घटना हुई थी. मौके से गोवंश के अवशेष बरामद होने के बाद पुलिस ने संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की थी. मामले के खुलासे के लिए स्वॉट, सर्विलांस, साइबर और नवाबगंज थाने की टीमें लगाई गई थीं. पुलिस ने बृहस्पतिवार को इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया था.

आरोपियों ने की पुलिस पर फायरिंग: अन्य वांछितों की तलाश में पुलिस टीमें जुटी थीं. इसी क्रम में शुक्रवार को फजलगंज थाना क्षेत्र में दो वांछितों की मौजूदगी की सूचना मिली. इस पर फजलगंज पुलिस के साथ स्वॉट, सर्विलांस और साइबर टीम ने संयुक्त रूप से घेराबंदी की. पुलिस का दावा है कि खुद को घिरा देखकर आरोपियों ने टीम पर फायरिंग कर दी.

दोनों आरोपियों से हो रही पूछताछ: पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें फरहान कालिया और कादिर घायल हो गए. मौके पर डीसीपी सेंट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव, एडीसीपी सेंट्रल डॉ. अर्चना सिंह और फजलगंज थाने की पुलिस मौजूद रही. पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है. पूछताछ और जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी.

उत्तर प्रदेश से और खबरें