कानपुर के पनकी में दर्दनाक सड़क हादसा, तेज रफ्तार टैंकर ने महिला को रौंदा; मौके पर ही मौत

✍️NNS Desk
कानपुर के पनकी में दर्दनाक सड़क हादसा, तेज रफ्तार टैंकर ने महिला को रौंदा; मौके पर ही मौत

कानपुर के पनकी थाना क्षेत्र में शुक्रवार को तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर देखने को मिला, जहां इंडियन ऑयल के एक टैंकर ने महिला रूबी राजपूत (30) को अपनी चपेट में ले लिया. टैंकर की टक्कर से महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. घटना के बाद चालक टैंकर छोड़कर मौके से फरार हो गया. हादसा देखकर आसपास मौजूद राहगीरों ने चालक को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह भाग निकला. इस भीषण हादसे के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और चीख-पुकार मच गई.

महिला की मौत की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे. सड़क पर पत्नी का शव देखकर पति और अन्य परिजन बिलख पड़े. घटना से आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने कालपी रोड पर जाम लगा दिया. सूचना पर पहुंची पनकी पुलिस ने लोगों को समझाकर शांत कराने और यातायात बहाल कराने का प्रयास किया, लेकिन परिजन कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे.

महिला को संभलने का मौका तक नहीं मिला: प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा इतना भयानक था कि महिला को संभलने का मौका तक नहीं मिला. हादसे की खबर मिलते ही मृतका के परिजनों में कोहराम मच गया और रो-रोकर बुरा हाल है. स्थानीय निवासियों का आरोप है कि पनकी औद्योगिक क्षेत्र और तेल डिपो के आसपास भारी वाहनों की अनियंत्रित गति के कारण अक्सर ऐसे हादसे होते रहते हैं.

पनकी के शाहपुर गांव निवासी अजय राजपूत मजदूरी करते हैं. परिवार में उनकी (30 )वर्षीय पत्नी रूबी राजपूत थीं. अजय के मुताबिक, शुक्रवार सुबह रूबी किसी काम से घर से निकली थीं. इसी दौरान पनकी-कालपी रोड पर सड़क पार करते समय तेज रफ्तार इंडियन ऑयल के टैंकर ने उन्हें टक्कर मार दी और कुचल दिया. हादसा इतना गंभीर था कि रूबी की मौके पर ही मौत हो गई.

एसीपी बोले- तहरीर मिलने पर होगी कार्रवाई: एसीपी पनकी अमित चौरसिया ने बताया कि परिजनों से बातचीत की जा रही है टैंकर चालक को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा. अभी तक परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्जकर कार्रवाई की जाएगी.

उत्तर प्रदेश से और खबरें