‘हर हर महादेव से गूंजे’ शिवालय, उमड़े श्रद्धालु; कानपुर के 16 मंदिरों में लगे 1000 पुलिसकर्मी

कानपुर में श्रावण मास के पहले दिन गुरुवार को शिवालयों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी. आनंदेश्वर मंदिर, सिद्धनाथ मंदिर, वनखंडेश्वर, पशुपतिनाथ, नागेश्वर और अन्य प्रमुख शिवालयों में भगवान शिव के जलाभिषेक और दर्शन के लिए लंबी कतारें लगी रहीं.
भीड़ को देखते हुए कमिश्नरेट के 16 प्रमुख शिवालयों में करीब 1000 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई. सभी प्रमुख मंदिरों की निगरानी सीसीटीवी कैमरों से की गई. आनंदेश्वर मंदिर में सबसे अधिक 132 कैमरे लगाए गए हैं.

गंगा घाटों पर भी रही कड़ी सुरक्षा: पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल ने बताया कि बिठूर से जाजमऊ तक गंगा किनारे स्थित प्रमुख शिवालयों और घाटों पर जल पुलिस तैनात रही. श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए महिला और पुरुषों के लिए अलग-अलग बैरिकेडिंग की गई. अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि दर्शन के दौरान किसी भी श्रद्धालु को परेशानी न हो.
भीड़ के बीच ट्रैफिक और सफाई व्यवस्था पर फोकस: जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह के निर्देश पर सभी प्रमुख शिवालयों के आसपास विशेष सफाई अभियान चलाया गया. नगर निगम की टीमें दिनभर सफाई और कचरा उठान में लगी रहीं. पी रोड स्थित वनखंडेश्वर मंदिर के आसपास अतिक्रमण हटाकर मार्ग को सुगम बनाया गया. मंदिरों के आसपास जाम न लगे, इसके लिए बैरिकेडिंग और ट्रैफिक डायवर्जन की व्यवस्था की गई.
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए किए गए इंतजाम: डीसीपी ट्रैफिक रवींद्र कुमार ने आनंदेश्वर मंदिर क्षेत्र का निरीक्षण किया. पार्किंग, आवागमन और भीड़ प्रबंधन की व्यवस्था पर विशेष नजर रखी गई. प्रमुख स्थानों पर प्रवेश, निकास, पेयजल, शौचालय और चिकित्सा सहायता से जुड़े साइन बोर्ड भी लगाए गए.
कांवड़ यात्रा के लिए बिजली व्यवस्था भी दुरुस्त: केस्को ने श्रावण मास और कांवड़ यात्रा को देखते हुए सभी प्रमुख शिवालयों में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की है। कांवड़ मार्ग पर लटक रहे तारों को ठीक कराया गया है और जरूरत वाले स्थानों पर इंसुलेशन शीट लगाई गई है. मंदिरों के पास लगे ट्रांसफार्मरों की भी जांच और मरम्मत कराई गई. इसके अलावा सिद्धनाथ, पशुपति, नागेश्वर और जागेश्वर मंदिरों में पुलिस अधिकारियों ने सीसीटीवी कैमरों और सुरक्षा व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया.
अध्यात्म से और खबरें

महादेव का परमप्रिय मास सावन आज से शुरू, इन शुभ मुहूर्तों में करें शिव का जलाभिषेक
30 जुलाई 2026
समसप्तक राजयोग के बीच गुरु-आषाढ़ पूर्णिमा आज, इन 4 राशियों का होगा भाग्योदय
29 जुलाई 2026
मंगलवार को कर लें गुड़ का ये अचूक उपाय तो मिल जायेगा तमाम संकटों से छुटकारा
28 जुलाई 2026