फतेहपुर में रजिस्ट्री ऑफिस का क्लर्क 1 लाख की रिश्वत लेते गिरफ्तार, FIR की धमकी दे कर रहा था वसूली

उत्तर प्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाईयों का दौर लगातार जारी है. फतेहपुर जिले की खागा तहसील स्थित उप निबंधक कार्यालय (Registry Office) में मंगलवार को एक बाबू को एक लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है. यह कार्रवाई एंटी करप्शन प्रयागराज की 13 सदस्यीय टीम ने की है. कार्रवाई से तहसील परिसर और रजिस्ट्री कार्यालय में हड़कंप मच गया. आरोपी बाबू के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया गया है. बताया जा रहा है कि बाबू बैनामे को गलत तरीके से कराने की बात कह मुकदमा दर्ज कराने की धमकी देकर एक लाख रुपये की रिश्वत मांग रहा था.
एंटी करप्शन टीम के मुताबिक, संग्रामपुर सानी निवासी भीम सिंह ने 17 जून को एक बैनामा कराया था. आरोप है कि उप निबंधक कार्यालय के कनिष्ठ सहायक राहुल कुमार बौद्ध ने गलत बैनामा कराने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराने की धमकी दी. यही नहीं मुकदमे और कार्रवाई से बचाने के एवज में आरोपी बाबू ने एक लाख रुपये की रिश्वत मांगी. लगातार रिश्वत की मांग से परेशान पीड़ित भीम सिंह ने आठ अगस्त को भ्रष्टाचार निवारण संगठन की प्रयागराज इकाई में शिकायत दर्ज कराई.
शिकायत की पुष्टि के बाद मंगलवार दोपहर करीब दो बजे प्रयागराज से आई 13 सदस्यीय ट्रैप टीम ने जाल बिछाया. रजिस्ट्री ऑफिस में जैसे ही पीड़ित ने रिश्वत के एक लाख रुपये प्रतापगढ़ जिले के पूरेघनी, रेडबीर, कोतवाली देहात निवासी आरोपी कनिष्ठ सहायक राहुल कुमार बौद्ध को दिए टीम ने उसे धर दबोचा. लोक सेवक गवाहों की मौजूदगी में गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया गया. एआईजी स्टाम्प मोहम्मद मसूदखान ने बताया कि बाबू को रिश्वत लेते पकड़े जाने की सूचना मिली है. पूरे प्रकरण की जानकारी कराई जा रही है.
उत्तर प्रदेश से और खबरें

उद्योगपति दीपक कोठारी के फॉर्म-हाउस में हुए मर्डर का खुलासा, कर्मचारी ने ही चौकीदार को मार डाला
11 अगस्त 2026
हमीरपुर में 300-स्कूली बच्चों ने ‘सड़क के खातिर’ निकाली तिरंगा यात्रा, पुलिस ने खदेड़ा
11 अगस्त 2026
घाटमपुर CHC से ‘बच्चा चोरी’ कांड से पर्दा उठा, बिजली विभाग का SDO आया गिरफ्त में
11 अगस्त 2026