पति को सांप से डसवाने वाली रविता को फांसी, प्रेमी अमरदीप को भी सजा-ए-मौत; दोनों फूट-फूटकर रोए

✍️NNS Desk
पति को सांप से डसवाने वाली रविता को फांसी, प्रेमी अमरदीप को भी सजा-ए-मौत; दोनों फूट-फूटकर रोए

मेरठ में पति की हत्या कर सांप से डसवाने वाली रविता और उसके प्रेमी अमरदीप को कोर्ट ने फांसी की सजा सुनाई है. सजा के ऐलान से पहले शुक्रवार को कोर्ट में आखिरी दलीलें हुईं. जेल में बंद रविता और अमरदीप का वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जज ने पक्ष सुना. जज ने दोनों से पूछा- तुम दोनों को हत्या का दोषी ठहराया गया है। क्या सजा चाहते हो?

रविता ने जवाब दिया- मेरे 3 छोटे-छोटे बच्चे हैं. उनका ख्याल रखा जाए। फिर वह चुप हो गई। इसके बाद अमरदीप ने कहा- मेरे मां-बाप बूढ़े हैं. उनकी सेवा करने वाला कोई नहीं है. उनकी देखभाल में कोई कमी न रहे. इसके बाद दोनों फूट-फूट कर रोने लगे.

17 अप्रैल, 2025 की रात रविता ने अमरदीप के साथ मिलकर पति अमित कश्यप की गला घोटकर हत्या कर दी थी. इसके बाद सांप डसने से मौत दिखाने के लिए बिस्तर पर सांप छोड़ दिया था. पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में गला घोटकर हत्या करने की बात सामने आई. सपेरों ने भी बताया कि सांप के दांत भी नहीं थे. उससे मौत नहीं हो सकती.

हत्या के 60 दिन बाद पुलिस ने चार्जशीट दाखिल कर दी. एसीजेएम-12 जयवीर सिंह नागर की कोर्ट में 551 दिन में 87 तारीखें और 12 से ज्यादा गवाहों के बयान हुए. 7 अक्टूबर को कोर्ट ने रविता और अमरदीप को दोषी करार दे दिया.

कोर्ट का ऐतिहासिक फैसला और सावित्री का जिक्र: अदालत ने इस मामले को ‘रेयर ऑफ द रेयर’ (दुर्लभतम से दुर्लभ) श्रेणी का मानते हुए दोनों दोषियों को फांसी के फंदे पर लटकाने का फरमान सुनाया. सुनवाई के दौरान कोर्ट ने महत्वपूर्ण टिप्पणी करते हुए कहा कि पत्नी पति की अर्धांगनी होती है. इसके साथ ही अदालत ने पौराणिक पात्र ‘सावित्री’ का भी विशेष जिक्र किया, जिसने अपने पति के प्राण बचाने के लिए यमराज से भी संघर्ष किया था.

फैसले पर परिवार ने जताई खुशी, दोषियों को मिली सजा: अदालत द्वारा फांसी की सजा सुनाए जाने के बाद मृतक अमित कश्यप की मां ने गहरी संतुष्टि और खुशी जताई. उन्होंने कहा कि परिवार ने शुरू से ही अदालत से सजा-ए-मौत की मांग की थी. सजा से पहले वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पेशी के दौरान रविता ने कोर्ट के फैसले का सम्मान करने की बात कही थी, और अंततः अदालत ने न्याय करते हुए दोनों को फांसी पर लटकाने का आदेश दे दिया.

एडीजे ने दो दिन पहले रविता, अमरदीप की जानकारी मांगी थी: दो दिन पहले ही एडीजे ने रविता, अमरदीप की तीन जानकारियां मांगी थी. इसमें दोनों का जेल में व्यवहार, आचरण, अनुशासन का पालन शामिल था. साथ ही डीपीओ से दोनों की आर्थिक स्थिति और दोनों के परिवार की डिटेल मांगी थीं. ये सभी रिपोर्ट मिल चुकी हैं.

अमित की मां बोली- बच्चे कहते हैं कि हमें मां की याद नहीं आती: अमित की मां ने बताया- बच्चे कहते हैं कि हमें मां की याद नहीं आती. हमें अपनी दादी के पास ही रहना है. आज भी पूछते हैं कि हमारे पापा कहां हैं?

हत्या को सर्पदंश दिखाने के लिए छोड़ा था सांप: साजिश के तहत हत्या को प्राकृतिक रूप देने के लिए अमित के शव के नीचे एक सांप छोड़ दिया गया था ताकि सबको लगे कि उसकी मौत सांप के डसने से हुई है. अभियोजन ने कोर्ट में तर्क दिया कि सांप पकड़ने वाले विशेषज्ञों ने उस सांप को गैर-जहरीला बताया था. आरोपियों ने जांच को गुमराह करने और साक्ष्य छिपाने के लिए यह शातिर चाल चली थी.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुला हत्या का राज: शव के पास सांप मिलने के बावजूद जब पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया, तो पूरी सच्चाई सामने आ गई. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में अमित की मौत का कारण सर्पदंश नहीं बल्कि गला घुटने से दम घुटना आया था. मेडिकल साक्ष्यों और गला दबाकर हत्या की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था.

जजमेंट की घड़ी करीब आते ही कोर्ट रूम में बढ़ने लगी भीड़: जजमेंट की घड़ी जैसे-जैसे करीब आ रही है कोर्ट रूम में भीड़ बढ़ गई. तीनों पक्षों के वकील कोर्टरूम में आ चुके थे., इसके साथ ही कई सीनियर, जूनियर वकील भी आज कोर्टरूम में पहुंचे.

उत्तर प्रदेश से और खबरें