मैहर NH-30 पर भीषण सड़क हादसा: ट्रैक्टर-ट्रॉली को ट्रेलर ने मारी टक्कर, 15 से ज्यादा लोग घायल

मध्य प्रदेश के मैहर जिले में नेशनल हाईवे-30 पर शनिवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें 15 से अधिक लोग घायल हो गए। इस दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और हाईवे पर लंबा जाम लग गया, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।

ट्रैक्टर-ट्रॉली को ट्रेलर ने मारी जोरदार टक्कर
जानकारी के अनुसार, यह हादसा मैहर के नादन थाना क्षेत्र अंतर्गत NH-30 पर रिगरा ब्रिज के पास हुआ। बताया जा रहा है कि डीजल खत्म होने के कारण एक ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क किनारे खड़ी थी, जिसमें कई लोग सवार थे।इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे एक ट्रेलर ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर-ट्रॉली में बैठे लोग बुरी तरह घायल हो गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
बरहों कार्यक्रम से लौट रहे थे लोग
हादसे में घायल सभी लोग बेलदरा गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। ये सभी लोग एक बरहों कार्यक्रम से लौट रहे थे, तभी यह दर्दनाक हादसा हो गया। अचानक हुए इस टक्कर से लोग संभल भी नहीं पाए और कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को अस्पताल में कराया गया भर्ती
हादसे की सूचना मिलते ही डायल 112 और हाईवे पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। घायलों को तत्काल मैहर और अमरपाटन के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया।अस्पताल में कई घायलों का इलाज जारी है, जबकि दो गंभीर रूप से घायल लोगों को जिला अस्पताल सतना रेफर किया गया है।अमरपाटन सिविल अस्पताल में भर्ती घायलों में संखिबाई साकेत (50), अजय बुनकर (17), प्रदीप साकेत (24) और संतोष साकेत (50) शामिल हैं। अन्य घायलों का इलाज मैहर अस्पताल में चल रहा है।
लंबा जाम और प्रशासन की देरी पर नाराजगी
हादसे के बाद NH-30 पर लंबा जाम लग गया, जिससे यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। स्थानीय लोगों में प्रशासन की देरी को लेकर नाराजगी भी देखने को मिली।सूचना मिलने के बावजूद नादन थाना प्रभारी करीब दो घंटे बाद घटनास्थल पर पहुंचे, जिसको लेकर लोगों ने सवाल उठाए।
108 एम्बुलेंस को लेकर हंगामा
अमरपाटन सिविल अस्पताल में एक और बड़ी लापरवाही देखने को मिली, जहां घंटों तक 108 एम्बुलेंस के न पहुंचने से मरीजों के परिजनों ने जमकर हंगामा किया। समय पर चिकित्सा सुविधा न मिलने से परिजनों में आक्रोश फैल गया।
मध्य प्रदेश से और खबरें

मध्य प्रदेश में तालाब में छिपा कुख्यात चोर हरविंदर सिंह गिरफ्तार, कमल डंडी से ली सांस
9 अप्रैल 2026
पीतांबरा पीठ: जहां तंत्र साधना और मां बगलामुखी की कृपा बदल देती है जीवन
26 मार्च 2026
उज्जैन में रंगपंचमी का उत्सव, गैर में शामिल हुए सीएम मोहन यादव
8 मार्च 2026