KhatuShyamkLakhiMela: खाटू श्याम मंदिर में मेले के बाद भी उमड़ी भारी भीड़

✍️Amisha Sachan
वार्षिक मेला खत्म होने के बाद खाटू श्याम मंदिर में उमड़ा जनसैलाब, होली तक VIP दर्शन बंद

KhatuShyamkLakhiMela: राजस्थान के सीकर जिले में स्थित खाटू श्याम मंदिर में वार्षिक मेले का समापन होने के बावजूद श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। आठ दिवसीय वार्षिक मेले का समापन शनिवार को भव्य आरती के साथ हुआ, लेकिन रविवार (1 मार्च) की छुट्टी होने के कारण दर्शनार्थियों की संख्या और बढ़ गई।सुबह से ही हजारों श्रद्धालु बाबा खाटू श्याम के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। मंदिर परिसर से लेकर मुख्य सड़क तक लगभग डेढ़ किलोमीटर लंबी कतार लगी हुई है। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, आज सुबह से अब तक करीब एक लाख श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं।

कई किलोमीटर पैदल चल रहे श्रद्धालु

दूर-दराज से आए भक्तों को कई किलोमीटर पैदल चलकर मंदिर तक पहुंचना पड़ रहा है। बावजूद इसके श्रद्धालुओं की आस्था में कोई कमी नहीं दिख रही। पूरा वातावरण “जय श्री श्याम” के जयकारों से गूंज रहा है।मंदिर परिसर में इतनी भीड़ है कि तिल रखने की भी जगह नहीं बची है। अनुमान है कि होली तक इसी तरह श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ता रहेगा। व्यवस्था बनाए रखने के लिए होली तक वीआईपी दर्शन पूरी तरह बंद कर दिए गए हैं, ताकि आम भक्त सुगमता से दर्शन कर सकें।

फाल्गुनी लक्खी मेले का समापन

खाटू श्याम का वार्षिक फाल्गुनी लक्खी मेला 18 फरवरी से शुरू होकर 28 फरवरी को समाप्त हुआ। करीब 10 दिनों तक चले इस मेले में लगभग 15 लाख श्रद्धालुओं ने बाबा श्याम के दर्शन किए।मेले के दौरान वीआईपी कल्चर पर रोक लगाई गई थी, जिसे अब होली तक बढ़ा दिया गया है। मंदिर की सजावट के लिए विशेष रूप से 120 बंगाली कारीगरों की टीम बुलाई गई थी। उन्होंने पौराणिक झांकियों और भव्य सजावट से मंदिर परिसर को आकर्षक स्वरूप दिया, जिसने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।

प्रशासन सतर्क

भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस और स्वयंसेवकों की तैनाती की गई है। यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।मेले के औपचारिक समापन के बाद भी खाटू श्याम मंदिर में उमड़ रही श्रद्धालुओं की भीड़ इस बात का प्रमाण है कि बाबा श्याम के प्रति भक्तों की आस्था अटूट है और होली तक यह भक्ति का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।

राजस्थान से और खबरें