राजस्थान के दौसा में ट्रेलर से भिड़ी बस: 8 श्रद्धालुओं की मौत, इनमें 6 जिंदा जले

✍️NNS Desk
राजस्थान के दौसा में ट्रेलर से भिड़ी बस: 8 श्रद्धालुओं की मौत, इनमें 6 जिंदा जले

राजस्थान के दौसा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर बस आगे चल रहे ट्रेलर से भिड़ गई. हादसे के बाद दोनों वाहनों में आग लग गई. एक्सीडेंट में कुल 8 लोगों की मौत हुई है इनमें 6 लोगों की मौत आग में झुलसने और 2 की सिर में चोट लगने के कारण हुई है. हादसा कोलवा थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात करीब 2.30 बजे हुआ.

बस ऋषिकेश से इंदौर जा रही थी. हादसे में 21 लोग घायल हैं. पुलिस को आशंका है कि बस ड्राइवर को झपकी आने के कारण एक्सीडेंट हुआ है. इधर, बस के स्टोरेज बॉक्स में सिगरेट के पैकेट भरे होने और इमरजेंसी गेट नहीं खुलने को लेकर भी दावा किया जा रहा है.

MLA बोले- इमरजेंसी गेट के कारण फंसे: दौसा विधायक दीनदयाल बैरवा का दावा है कि स्लीपर बस में आग लगने के बाद पैसेंजर्स बाहर ही नहीं निकल सके. इसका बड़ा कारण है बस का इमरजेंसी गेट ही नहीं खुला.

दावा- तुरंत नहीं मिली मदद: बस के पैसेंजर ने बताया कि स्लीपर हंस ट्रेवल्स की थी. मंगलवार शाम करीब 5 बजे बस ऋषिकेश से इंदौर के लिए निकली थी. एक्सीडेंट के तुरंत बाद बस में आग लग गई थी. करीब एक घंटे तक घायलों को कोई मदद नहीं मिली.

बस में सिगरेट के बॉक्स भरे थे: रेस्क्यू के लिए पहुंचे एक ग्रामीण ने बताया कि आग में फंसे पैसेंजर्स चीख-पुकार रहे थे. आग बुझाने के दौरान बस की डिक्की में सिगरेट से भरे कई बॉक्स नजर आए थे. आशंका है कि इनके कारण आग ज्यादा भड़की थी.

उत्तराखंड से और खबरें