कानपुर पहुंचे RSS प्रमुख मोहन भागवत, संघ परिवार की बेटी के आशीर्वाद समारोह में होंगे शामिल

✍️NNS Desk
कानपुर पहुंचे RSS प्रमुख मोहन भागवत, संघ परिवार की बेटी के आशीर्वाद समारोह में होंगे शामिल

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रमुख मोहन भागवत गुरुवार सुबह कानपुर पहुंचे. वह एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए शहर आए हैं. कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच वह डिब्रूगढ़ राजधानी एक्सप्रेस से कानपुर सेंट्रल स्टेशन पहुंचे. यहां से वह कार से सिविल लाइंस के लिए रवाना हो गए.

जानकारी के अनुसार, नीतू सिंह की पुत्री वसुंधरा और यश का विवाह 21 जून 2026 को होना है. विवाह से पहले आशीर्वाद समारोह का आयोजन 11 जून को आजाद नगर स्थित “आर्या” में किया गया है. नीतू सिंह का परिवार लंबे समय से संघ से जुड़ा रहा है. इसी समारोह में शामिल होने के लिए मोहन भागवत कानपुर पहुंचे हैं. गुरुवार दोपहर वह आशीर्वाद समारोह में शामिल होंगे.

दोपहर 12 से शाम 6 बजे तक रहेगा डायवर्जन: कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधियों और विशिष्ट अतिथियों के शामिल होने की संभावना को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने शहर के कई प्रमुख मार्गों पर डायवर्जन लागू किया है. यह व्यवस्था 11 जून को दोपहर 12 बजे से शाम 6 बजे तक प्रभावी रहेगी.

ये रहेगा ट्रैफिक डायवर्जन

कर्बला चौराहा से कंपनीबाग चौराहा की ओर किसी भी वाहन का प्रवेश नहीं होगा. ऐसे वाहन मछुआ रोड और मैनावती मार्ग से होकर अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे.

कंपनीबाग चौराहा से कर्बला चौराहा की ओर वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा. वाहन चालक रावतपुर, नवाबगंज थाना क्षेत्र और चिड़ियाघर मार्ग का उपयोग कर सकेंगे.

गंगा बैराज से कर्बला चौराहा की ओर जाने वाले वाहनों को अनुमति नहीं होगी. ऐसे वाहन एनआरआई सिटी, बनियापुरवा, यश कोठारी और मैनावती मार्ग से होकर अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे.

पुलिस ने नागरिकों से की अपील: यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे डायवर्जन व्यवस्था का पालन करें और यात्रा पर निकलने से पहले वैकल्पिक मार्गों की जानकारी जरूर प्राप्त कर लें. किसी भी प्रकार की असुविधा या सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं.

महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबर

ट्रैफिक कंट्रोल रूम : 9305104340 ग्रीन कॉरिडोर सेल : 9454402413

एम्बुलेंस को दें प्राथमिकता: पुलिस प्रशासन ने सभी वाहन चालकों से सड़क पर चल रही एम्बुलेंस को प्राथमिकता देते हुए तत्काल रास्ता देने की अपील की है. प्रशासन का कहना है कि आपकी सतर्कता, संवेदनशीलता और सूझबूझ किसी की जान बचा सकती है.

कानपुर नगर से और खबरें