कानपुर में सांसद भोले का नाम लेकर सरेराह ‘गुंडई’, पुलिसवालों को धमकाया; बोले सांसद भोले ताऊ हैं हमारे

✍️NNS Desk
कानपुर में सांसद भोले का नाम लेकर सरेराह ‘गुंडई’, पुलिसवालों को धमकाया; बोले सांसद भोले ताऊ हैं हमारे

कानपुर की वीआईपी रोड पर रविवार रात एक बार फिर लग्जरी कार सवारों की दबंगई देखने को मिली. नशे में धुत फार्च्यूनर सवार युवकों ने पहले एक बाइक सवार को टक्कर मार दी. विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की और जबरन कार में बैठाकर अगवा करने की कोशिश की. मौके पर मौजूद ट्रैफिक पुलिसकर्मी वीडियो बनाने लगे तो आरोपी उनसे भी भिड़ गए. उन्होंने कथित तौर पर कहा-भोले सिंह को जानते हो… बहुत वीडियो बनाने का शौक है?

सूचना के बावजूद मौके पर समय से फोर्स नहीं पहुंची और आरोपी फरार हो गए. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है. घटना ग्रीनपार्क चौराहे की है. वायरल वीडियो के मुताबिक, डीजी कॉलेज की ओर से आ रही फार्च्यूनर (UP 78 HV 6007) ने एक बाइक सवार को टक्कर मार दी. हादसे के बाद बाइक सवार ने विरोध किया तो कार से उतरे युवकों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी.

कार में बैठाकर ले जाने का आरोप:प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, फार्च्यूनर के पीछे चल रही दूसरी कार में सवार युवक भी मौके पर पहुंच गए. आरोप है कि सभी ने मिलकर बाइक सवार को घसीटते हुए कार में बैठाने की कोशिश की. शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर युवक को छुड़ाया.

पुलिसकर्मी को भी दी धमकी: घटना के दौरान मौजूद ट्रैफिक पुलिसकर्मी वीडियो बनाने लगे और वायरल सेट के जरिए तत्काल अतिरिक्त फोर्स भेजने की सूचना दी. वीडियो में पुलिसकर्मी कहते सुनाई दे रहे हैं, “सर, तत्काल फोर्स भेज दें… ये लोग बहुत बदतमीजी कर रहे हैं… मार रहे हैं… गाड़ी में भरकर ले जा रहे हैं.”

वीडियो बनता देख एक युवक पुलिसकर्मी से उलझ गया और कथित तौर पर बोला-भोले सिंह को जानते हो… ताऊ जी लगते हैं… लो बात करो. बहुत वीडियो बनाने का शौक है?” इस पर पुलिसकर्मी ने जवाब दिया, “नाम लिखा है, पढ़ लो.

वीडियो वायरल, जांच शुरू: घटना के बाद आरोपी अपनी कार लेकर फूलबाग की ओर फरार हो गए. पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

डीसीपी सेंट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कराई जा रही है. जांच के बाद उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.

उत्तर प्रदेश से और खबरें