गोरखपुर में डॉक्टर ने 8वीं मंजिल से कूदकर जान दी, महिला ठग ने हड़पे थे 1.40 करोड़

UP के गोरखपुर में एक वेरेटनरी डॉक्टर ने अपार्टमेंट की 8वीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली. गोरखपुर के गोरखनाथ क्षेत्र में गुरुवार की सुबह-सुबह हुई इस घटना से सनसनी फैल गई है. खून से लथपथ डॉक्टर को उनके परिवारीजन पास के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है. सूचना पर पहुंची गोरखनाथ पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. बताया जा रहा है कि डॉक्टर पिछले दिनों पकड़े गए एक रेलवे स्टेशन अधीक्षक और उसकी बैंक कर्मचारी बेटी की ठगी के शिकार हुए थे.

गोरखपुर के राजेंद्र नगर कॉलोनी स्थित बसंत इंक्लेव में रहने वाले पशु चिकित्सक परमात्मा सिंह की उम्र करीब 52 साल थी. वह अपनी पत्नी सावित्री सिंह, बेटा और बेटी के साथ अपार्टमेंट की आठवीं मंजिल पर रहते थे. उनकी पत्नी भी पशु चिकित्सक हैं. परमात्मा सिंह वर्तमान में महराजगंज जिले के एक ब्लॉक में तैनात थे. बताया जा रहा है कि गुरुवार सुबह करीब 9:30 बजे परमात्मा सिंह अपार्टमेंट से नीचे गिरे. घटना की जानकारी होते ही परिवार के लोग उन्हें लेकर पास के निजी अस्पताल पहुंचे, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी. पत्नी सावित्री सिंह का रो-रोकर बुरा हाल है.
1.40 करोड़ की ठगी का लगाया था आरोप: परमात्मा सिंह ने इसी महीने (5 अगस्त 2026) को गोरखपुर के एम्स थाने में एक महिला ठग और उसके गिरोह के खिलाफ 1.40 करोड़ रुपये की ठगी का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज कराई थी. उन्होंने पीएचडी कर चुकी महिला बैंक कर्मी, उसके रेलवे अधिकारी पिता, शिक्षक पति समेत अन्य लोगों को आरोपी बनाया था. पुलिस के अनुसार इस मामले में महिला और उसके पिता को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है. एफआईआर दर्ज होने और ठगी का शिकार बनाने वाले पिता-पुत्री के खिलाफ कार्रवाई के बावजूद परमात्मा सिंह इस मामले को लेकर तनाव और सदमे में थे.

मृत पशु चिकित्सक परमात्मा सिंह के माता-पिता
आशंका जताई जा रही है कि इसी दुख के चलते उन्होंने यह आत्मघाती कदम उठा लिया. हालांकि पुलिस ने अभी तक इस बारे में कुछ नहीं कहा है. पुलिस का कहना है कि घटना के हर पहलू की जांच की जा रही है. यह पता लगाने की भी कोशिश की जा रही है कि परमात्मा सिंह की मौत का ठगी के मुकदमे और उससे जुड़े घटनाक्रम से क्या संबंध था. गोरखनाथ पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस परिवार के सदस्यों और आसपास के लोगों से घटना के संबंध में जानकारी जुटा रही है.
उत्तर प्रदेश से और खबरें

नगर निगम के नकारा अफसरों से त्रस्त कानपुर में BJP पार्षद ने किया इस्तीफे का ऐलान
13 अगस्त 2026
मायावती ने पूर्व मंत्री अनंत कुमार मिश्रा उर्फ़ ‘अंटू’ को बसपा से निकाला, पार्टी विरोधी होने का आरोप
13 अगस्त 2026
घाटमपुर के पतारा में गांव किनारे मिला दलित युवती का शव, प्रेमी संग भाग निकली थी
13 अगस्त 2026