संतकबीरनगर में 250 साल पुराना बाबा बैजूनाथ मंदिर ढहा, 25 जून को CM योगी ने किए थे दर्शन

✍️NNS Desk
संतकबीरनगर में 250 साल पुराना बाबा बैजूनाथ मंदिर ढहा, 25 जून को CM योगी ने किए थे दर्शन

UP के संतकबीरनगर जिले में धनघटा क्षेत्र स्थित बसवारी गांव का करीब 250 वर्ष प्राचीन बाबा बैजूनाथ मंदिर रविवार दोपहर अचानक भरभराकर गिर पड़ा. लगातार कई दिनों से हो रही बारिश के चलते मंदिर की दीवारें कमजोर हो गई थीं, जिसके कारण यह हादसा हुआ. राहत की बात यह रही कि घटना के समय मंदिर परिसर में कोई श्रद्धालु मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया.

बताया जाता है कि दोपहर के समय मंदिर की दीवारों में पहले दरारें दिखाई दीं. उसके बाद मंदिर का पिछला हिस्सा और गर्भ गृह अचानक से जमीन पर ढह गया. मंदिर गिरने की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई. यह मंदिर वर्षों से लोगों की आस्था का प्रमुख केंद्र रहा है. बाबा बैजूनाथ मंदिर में हाल ही में 25 जून को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यहां पहुंचकर विधिवत दर्शन-पूजन किया था.

धनघटा और खजनी विधानसभा क्षेत्र की संयुक्त जनसभा को संबोधित करने से पहले मुख्यमंत्री ने मंदिर में पूजा-अर्चना की थी. उन्होंने मंदिर की ऐतिहासिक और धार्मिक महत्ता को देखते हुए इसके संरक्षण, सौंदर्यीकरण एवं पर्यटन विकास के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए थे. मंदिर गिरने के बाद प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और मलवे में दबे शिवलिंग को निकालकर उसे व्यवस्थित करने में जुटा है. डीएम आलोक कुमार का कहना है कि शीघ्र ही मंदिर का पुनर्निमाण कराकर इसे भव्य रूप दिया जाएगा.

उत्तर प्रदेश से और खबरें