19 विपक्षी पार्टियों का दिल्ली में प्रदर्शन, बैरिकेड पर चढ़े सपा नेता; धरने पर बैठे राहुल-प्रियंका-अखिलेश

✍️NNS Desk
19 विपक्षी पार्टियों का दिल्ली में प्रदर्शन, बैरिकेड पर चढ़े सपा नेता; धरने पर बैठे राहुल-प्रियंका-अखिलेश

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर 19 विपक्षी पार्टियों के सांसद सेव डेमोक्रेसी मार्च निकाल रहे हैं. पुलिस ने ऑल इंडिया रेडियो के बाहर विपक्षी सांसदों को आगे बढ़ने से रोक दिया है. इसके बाद राहुल-प्रियंका समेत विपक्षी सांसद सड़क पर बैठ गए हैं.

सांसद सेव डेमोक्रेसी का बैनर लेकर पहुंचे हैं और ‘ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दो’ के नारे लगा रहे हैं. राहुल के हाथ में ‘ज्ञानेश, इट्स डन ब्रो’ का पोस्टर है. इसका मतलब है ज्ञानेश कुमार अब आपका समय हो गया है, इस्तीफा दें.

दिल्ली में नई संसद से चुनाव आयोग तक के मार्च में AAP और DMK शामिल नहीं है. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने आरोप लगाया था कि SIR से 13 करोड़ नाम काटे गए हैं.

INDIA गठबंधन ने 11 अगस्त 2025 को भी संसद भवन से चुनाव आयोग के ऑफिस तक मार्च निकाला था. इसमें राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे, शरद पवार समेत 25 विपक्षी दल शामिल हुए थे.

समाजवादी पार्टी सांसद ज़िया-उर-रहमान बर्क़ अपने साथी सांसदों के साथ चुनाव आयोग जाते समय नीति आयोग के दफ़्तर के पास लगे पुलिस बैरिकेड पर चढ़ गए हैं.

वहीं, राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे, डी. राजा और INDIA ब्लॉक के दूसरे वरिष्ठ नेता आकाशवाणी भवन के बाहर धरने पर बैठ गए हैं. रिपोर्ट के मुताबिक, पहला बैरिकेड संसद भवन से करीब 400 मीटर की दूरी पर था. बसें भी मौके पर पहुंच गई हैं. पैरामिलिट्री फोर्स भी आगे आ गई हैं. हालांकि, अभी तक किसी को हिरासत में नहीं लिया गया है. 

BJP के लिए काम कर रही ECI: अखिलेश यादव: समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग पर पक्षपात का आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि बंगाल में फोर्स के माध्यम से बूथ लूटा गया. उत्तर प्रदेश में भी ऐसा हुआ. अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर भी सवाल उठाए हैं. उन्होंने कहा, ‘चुनाव आयोग निष्पक्ष नहीं है और चुनाव आयोग संविधान के तहत काम नहीं कर रहा है. भाजपा जब से आई है तब से चुनाव आयोग ने भाजपा के लिए काम करना शुरू कर दिया.’

PDA वोटरों के नाम हटाए गए: समाजवादी पार्टी सांसद राजीव राय ने आरोप लगाया कि PDA वोटरों के नाम हटाए जा रहे हैं. उन्होंने दावा किया कि उन्होंने EC की वेबसाइट से डाउनलोड किए गए 15,000 वोटर रिकॉर्ड पेश किए थे, लेकिन उन्हें न तो कमीशन और न ही सरकार की ओर से कोई जवाब मिला.

समाजवादी पार्टी सांसद इकरा हसन भी प्रदर्शन में शामिल हुई हैं. उन्होंने एक रिपोर्ट का हवाला देते हुे कहा कि इसके मुताबिक, 14 बार आम सहमति से फैसला नहीं हुआ. उन्होंने कहा कि विपक्ष पहले दिन से कह रहा है कि ज्ञानेश कुमार बीजेपी के एजेंट की तरह काम कर रहे हैं.

ताजा जानकारी के मुताबिक, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और INDIA गठबंधन के दूसरे सांसद चुनाव आयोग से लगभग 200 मीटर दूर, नीति आयोग के पास धरने पर बैठे हुए हैं. 

प्रदर्शनकारी चुनाव आयोग के मुख्यालय से लगभग 200 मीटर की दूरी पर धरने पर बैठे हैं. सांसद CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ ‘वोट चोर’ के नारे लगा रहे हैं. प्रदर्शन को देखते हुए निर्वाचन सदन और आसपास के इलाकों में सुरक्षा बढ़ाई गई है. मौके पर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात हैं.

बॉडी कैमरा लगाकर ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी: RAF (रैपिड एक्शन फोर्स) के जवान भारी संख्या में मौजूद हैं. दिल्ली पुलिस अब हर प्रोटेस्ट में बॉडी कैमरा लगा कर ड्यूटी कर रही है. नई दिल्ली इलाके के डीसीपी सचिन शर्मा भी अब बॉडी कैमरा लगा कर ड्यूटी में तैनात हैं. 

नई दिल्ली ज़िले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 3000 से ज़्यादा पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं. पुरुषों की 27 कंपनियां और महिलाओं की 4 कंपनियां तैनात की गई हैं. बता दें, आम तौर पर एक पुलिस कंपनी में 100-115 जवान होते हैं. संसद भवन, पार्लियामेंट स्ट्रीट गोलचक्कर के पास और निर्वाचन सदन, आदि अहम जगहों पर सुरक्षाबल तैनात किए गए हैं. 

Latest से और खबरें