CM शुभेंदु अधिकारी के हेलिकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग, उड़ान भरते ही आई खराबी

✍️NNS Desk
CM शुभेंदु अधिकारी के हेलिकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग, उड़ान भरते ही आई खराबी

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के हेलिकॉप्टर की मंगलवार को कोलाघाट में इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई है. सीएम शुभेंदु अधिकारी कोलकाता से पश्चिम मेदिनीपुर के केशपुर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में हेलिकॉप्टर में तकनीकी खराबी और खराब मौसम के चलते इसे बीच रास्ते में उतारना पड़ा.

कोलकाता एयरपोर्ट पर ही आ गई थी खराबी रिपोर्ट के मुताबिक, सीएम के हेलिकॉप्टर में कोलकाता एयरपोर्ट से उड़ान भरने से पहले ही तकनीकी खराबी देखने को मिली थी. हालांकि, कुछ ही समय में इस दिक्कत को ठीक कर लिया गया, जिसके बाद हेलिकॉप्टर ने सुबह 11 बजकर 21 मिनट पर उड़ान भरी. इस शुरुआती तकनीकी गड़बड़ी को लेकर फिलहाल एयरपोर्ट अथॉरिटी की तरफ से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है.

कोलाघाट में क्यों करनी पड़ी इमरजेंसी लैंडिंग? उड़ान भरने के कुछ देर बाद, दोपहर करीब 12 बजे हेलिकॉप्टर में अचानक फिर से टेक्निकल ग्लिच का पता चला. दूसरी तरफ, मेदिनीपुर में भारी बारिश और खराब मौसम के कारण वहां हेलिकॉप्टर का उतरना मुमकिन नहीं था. इन परिस्थितियों (तकनीकी खराबी और खराब मौसम) को देखते हुए कोलाघाट के हेलिपैड पर हेलिकॉप्टर को सुरक्षित उतारने का फैसला लिया गया.

अब सड़क मार्ग से जाएंगे सीएम: प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, कोलाघाट में एयरक्राफ्ट मैकेनिक हेलिकॉप्टर की मरम्मत कर रहे हैं और यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि समस्या कहां है। अगर मैकेनिक हरी झंडी देते हैं, तभी सीएम हेलिकॉप्टर से आगे की यात्रा करेंगे. चूंकि मेदिनीपुर में खराब मौसम के कारण लैंडिंग की समस्या है, इसलिए उनके सड़क मार्ग से केशपुर जाने की व्यवस्था की गई है.

शहीद खुदीराम बोस को श्रद्धांजलि देने जा रहे थे मुख्यमंत्री: आज महान स्वतंत्रता सेनानी शहीद खुदीराम बोस का शहादत दिवस है. इसी मौके पर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए उनके जन्मस्थान केशपुर के मोहबनी गांव जा रहे थे. मोहबनी में मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर ग्रामीणों में काफी उत्साह था और विकास की उम्मीदें भी थीं. वहां उनके लिए एक अस्थायी हेलिपैड भी बनाया गया था, जिसका जिला पुलिस अधीक्षक पापिया सुल्ताना ने निरीक्षण किया था. सीएम की सुरक्षा में तैनात एसपीजी ने भी सुरक्षा व्यवस्था का कई बार जायजा लिया था.

राष्ट्रीय से और खबरें