गांजा पीकर विमान उड़ा रहा था एयर इंडिया का पायलट, दूसरी बार भी डोप टेस्ट में फेल- रिपोर्ट

फुकेट से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट का पायलट दूसरी बार भी डोप टेस्ट में फेल हो गया है. मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, फ्लाइट AI-2379 का पायलट लैब जांच में गांजा (मारिजुआना) के सेवन के लिए पॉजिटिव पाया गया है. एयर इंडिया की फ्लाइट में 137 यात्री और 8 क्रू मेंबर्स सवार थे। उड़ान के दौरान विमान को तेज झटके लगे और अचानक करीब 300 फीट की ऊंचाई कम हो गई. इस घटना में कम से कम 13 यात्री और 4 चालक दल के सदस्य घायल हुए. नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने बताया कि घायलों में चालक दल के 2 सदस्यों को रीढ़ की हड्डी के निचले हिस्से और गर्दन में चोट लगी.
पायलट को साइकोएक्टिव पदार्थ की शुरुआती जांच में संदिग्ध पाए जाने के बाद पुष्टि के लिए अंतिम टेस्ट से गुजरना पड़ा. साइकोएक्टिव पदार्थ ऐसे रसायनों या पदार्थों को कहा जाता है, जो हमारे दिमाग और तंत्रिका तंत्र पर सीधा असर डालते हैं. मंत्रालय के मुताबिक, मानक संचालन प्रक्रियाओं के तहत घटना के बाद उड़ान चालक दल के दोनों सदस्यों की साइकोएक्टिव पदार्थ की जांच की गई. मुख्य पायलट का सैंपल अंतिम पुष्टि के लिए प्रयोगशाला में भेजा गया था। इस घटना को गंभीर श्रेणी में रखा गया है और इसकी जांच विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (AAIB) कर रहा है.
क्रू मेंबर्स के दोनों सदस्यों को ड्यूटी से हटाया: मंत्रालय ने कहा कि जांच और परीक्षण प्रक्रिया पूरी होने तक नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA) ने फ्लाइट क्रू मेंबर्स के दोनों सदस्यों को ड्यूटी से हटा दिया है. आगे की कार्रवाई जांच के निष्कर्षों और अंतिम रिपोर्ट के नतीजों के आधार पर की जाएगी. इससे पहले एयर इंडिया ने कहा था कि उसे जानकारी है कि तय नियमों के तहत पायलटों का उड़ान के बाद टेस्ट किया गया था. एयरलाइन ने कहा, ‘इस परीक्षण के नेतीजे एयर इंडिया के साथ शेयर नहीं किए गए हैं. इसलिए हम किसी भी निष्कर्ष पर टिप्पणी करने की स्थिति में नहीं हैं.’ एयर इंडिया ने यह भी कहा कि वह किसी स्पेशल उड़ान या घटना से अलग भी नागर विमानन नियमों के तहत क्रू मेंबर्स का नियमित ड्रग टेस्ट करती रहती है.
इस बीच, एयर इंडिया के CEO और प्रबंध निदेशक कैंपबेल विल्सन ने मंगलवार को नागरिक उड्डयन मंत्रालय के अधिकारियों से मुलाकात की. सूत्रों के मुताबिक, एयर इंडिया के सीनियर अधिकारी और टाटा संस के चेयरमैन के कार्यकारी सलाहकार व पूर्व नागरिक उड्डयन सचिव प्रदीप सिंह खरोला भी बैठक में शामिल हुए. एयर इंडिया के उड़ान सुरक्षा प्रमुख दीपक जोशी भी मौजूद थे. बैठक में नागरिक उड्डयन सचिव समीर कुमार सिन्हा, नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA) के महानिदेशक वीर विक्रम यादव और विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (AAIB) के महानिदेशक जीवीजी युगंधर भी शामिल हुए. बैठक में किन मुद्दों पर चर्चा हुई, इसकी विस्तृत जानकारी तत्काल सामने नहीं आई है.
राष्ट्रीय से और खबरें

CM शुभेंदु अधिकारी के हेलिकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग, उड़ान भरते ही आई खराबी
11 अगस्त 2026
पहली बार लाल किले की प्राचीर से गाया जाएगा ‘वंदे मातरम’, 80वें स्वतंत्रता दिवस पर नई व्यवस्था
10 अगस्त 2026
झारखंड में प्रदर्शनकारी छात्रों और पुलिस के बीच झड़प, लाठीचार्ज; कंटीले तारों से कई छात्र घायल
10 अगस्त 2026