उज्जैन में रंगपंचमी का उत्सव, गैर में शामिल हुए सीएम मोहन यादव

✍️Amisha Sachan
उज्जैन में रंगपंचमी का उत्सव, गैर में शामिल हुए सीएम मोहन यादव

मध्यप्रदेश के उज्जैन में रविवार 8 मार्च को रंगपंचमी का पर्व पूरे उत्साह और परंपरागत अंदाज में मनाया गया। महाकाल की नगरी में यह पर्व हर साल खास उत्साह के साथ मनाया जाता है और इस बार भी शहर रंगों से सराबोर नजर आया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी गैर में शामिल हुए, जिससे लोगों में उत्साह और बढ़ गया।

महाकाल मंदिर से शुरू हुआ उत्सव

रंगपंचमी के अवसर पर सीएम मोहन यादव सबसे पहले महाकाल मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने बाबा महाकाल का विधिवत पूजन किया और मंदिर में ध्वज परिवर्तन की परंपरा निभाई। इसके बाद उन्होंने शस्त्र पूजन किया और तलवार घुमाने की पारंपरिक कला का प्रदर्शन भी किया।इसके बाद मुख्यमंत्री रथ पर सवार होकर गैर में शामिल हुए और रंगों के बीच लोगों के साथ इस उत्सव का आनंद लिया।

— NATION NOW समाचार (@nnstvlive) March 8, 2026

पारंपरिक गैर में उमड़ा जनसैलाब

उज्जैन में होली के अवसर पर हर साल पारंपरिक महाकाल गैर, छड़ी मार गैर और धोबी समाज की गैर निकाली जाती हैं। इस बार प्रशासन की ओर से संतराम सिंधी कॉलोनी से भी गैर निकाली गई।

श्रीकृष्ण सुदामा उत्सव के तहत निकली यह गैर टॉवर तक पहुंची, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। मुख्यमंत्री के रथ पर सवार होकर गैर में शामिल होने से लोगों का उत्साह और बढ़ गया और पूरे शहर में उत्सव जैसा माहौल बन गया।

आतिशबाजी में कुछ लोग घायल

गैर के दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने आतिशबाजी भी की। इसी दौरान सिंधी कॉलोनी क्षेत्र में कुछ लोगों के घायल होने की खबर सामने आई है। हालांकि, प्रशासन ने मौके पर स्थिति को नियंत्रित कर लिया और कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।

सीएम ने दी रंगपंचमी की शुभकामनाएं

टॉवर पर आयोजित मुख्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री मोहन यादव ने लोगों को रंगपंचमी की बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि उज्जैन की परंपराएं और सांस्कृतिक उत्सव प्रदेश की पहचान हैं।

कार्यक्रम में शामिल होने के बाद मुख्यमंत्री अशोकनगर के लिए रवाना हो गए।

मध्य प्रदेश से और खबरें