कानपुर देहात शिवली में शादी से पहले युवक की निर्मम हत्या, धारदार हथियार से वार, पुलिस जांच में जुटी

कानपुर देहात से हिमांशु शर्मा की रिपोर्ट कानपुर देहात के शिवली थाना क्षेत्र में हुई एक खौफनाक वारदात ने पूरे इलाके में दहशत और सदमे का माहौल पैदा कर दिया है। 3 मार्च 2026 को मकरंदापुर नहर पुल के पास गेहूं के खेत में एक युवक का शव लहूलुहान अवस्था में मिलने से हड़कंप मच गया।

मौके पर खड़ी मोटरसाइकिल और चारों तरफ बिखरा खून वारदात की बेरहमी और साज़िश को उजागर कर रहा था। मृतक की पहचान राजाबाबू, पुत्र राम लखन वर्मा, निवासी झकरा गांव, कानपुर नगर के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में सामने आया कि युवक के शरीर पर धारदार हथियार से कई गहरे वार किए गए थे, जबकि गले पर भी वार कर उसे मौत के घाट उतारा गया।प्रारंभिक जांच से यही संकेत मिलता है कि हमलावर अकेले नहीं बल्कि एक या दो से अधिक लोग थे जिन्होंने मिलकर यह जघन्य अपराध किया।
परिजनों के अनुसार, राजाबाबू बीती शाम अपनी दादी को बुआ के घर छोड़ने गए थे और लगभग 7:30 बजे वापस निकले। महज़ एक घंटे के भीतर ही परिजनों को यह दर्दनाक खबर मिली कि उनका बेटा अब इस दुनिया में नहीं है। सड़क किनारे खेत में पड़ा शव पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल गया।सबसे दर्दनाक पहलू यह है कि जिस घर में कुछ ही दिनों में शादी की खुशियाँ आने वाली थीं, वहां से अर्थी उठी। राजाबाबू की शादी 20 अप्रैल 2026 को अकबरपुर क्षेत्र के दस्तमपुर गांव में तय थी और शादी की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी थीं।
पुलिस जांच और साजिश की आशंका
मौके पर पहुंची पुलिस ने इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी। फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस ने मौके से खड़ी मोटरसाइकिल को कब्जे में लिया और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की।अपर पुलिस अधीक्षक राजेश पांडे ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला धारदार हथियार से हत्या का है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही दोषियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
मोबाइल गायब और निजी रंजिश की संभावना
एक और अहम तथ्य यह सामने आया कि मृतक का मोबाइल फोन घटनास्थल से गायब है। वहीं, कुछ नकदी उसके पास से बरामद हुई। इससे यह आशंका जताई जा रही है कि हत्या के पीछे कोई गहरी साजिश या निजी रंजिश हो सकती है।पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है—कॉल डिटेल्स, आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों की पड़ताल जारी है।
परिवार और गांव में मातम
परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। शादी से पहले यह दर्दनाक घटना पूरे इलाके के लिए बड़ा सदमा है।
Latest से और खबरें

महाराष्ट्र के परभणी के हनुमान मंदिर में बड़ा हादसा! हॉल की छत गिरने से 7 की मौत, कई मलबे में दबे
20 जून 2026
केंद्र सरकार ने टेलीग्राम पर लगाई अस्थायी रोक, RE-NEET परीक्षा के चलते लिया फैसला
16 जून 2026
Kanpur Dehat Nyay Ki Guhar: SP Office Gate Par Baitha Peedit Parivar
2 जून 2026